एक्शन मोड में आप विधायक: वेरका अस्पताल पहुंचीं जीवनजोत कौर, गंदगी देख भड़कीं, स्टाफ को दी वार्निंग
आप विधायक ने आपरेशन थिएटर में महिलाओं के आपरेशन के लिए टेबल पर फैली मिट्टी को अपनी उंगली से लगा मेडिकल अधिकारी को दिखाया। ऑपरेशन थिएटर से बाहर निकलने पर एक कोने में डिस्पोजेबल इंजेक्शन का कचरा देख भड़क गई।
विस्तार
पंजाब विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड जीत के बाद आम आदमी पार्टी के विधायक एक्शन मोड में आ गए हैं। अमृतसर की हॉट सीट पूर्वी से पीपीसीसी के प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू और शिअद के बिक्रम मजीठिया को बड़े अंतर से हराने वाली आम आदमी पार्टी से विधायक बनी जीवनजोत कौर ने मंगलवार को वेरका के सरकारी अस्पताल में दबिश दी। वहीं दूसरी तरफ रिजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी सचिव के दफ्तर और ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक पर काम कर रहे भ्रष्ट कर्मचारियों का पता लगाने पर काम शुरू कर दिया गया है।
आप विधायक जीवनजोत कौर मंगलवार को वेरका के सरकारी अस्पताल में पहुंचीं। अस्पताल परिसर में गंदगी को देख उन्होंने अस्पताल के इंचार्ज व अन्य स्टाफ को वार्निंग देते हुए दूसरी बार ऐसा मिलने पर सीधे कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इस दौरान उन्होंने अस्पताल का दौरा किया और वार्ड में देखा कि अस्पताल में दाखिल मरीज अपने लिए कंबल व अन्य सामान घर से लाए थे। इसके बाद उन्होंने ऑपरेशन थिएटर का दौरा कर वहां भी गंदगी देख बिफर पड़ी।
डिस्पोजेबल इंजेक्शन का कचरा देख भड़कीं विधायक
आप विधायक ने आपरेशन थिएटर में महिलाओं के आपरेशन के लिए टेबल पर फैली मिट्टी को अपनी उंगली से लगा मेडिकल अधिकारी को दिखाया। ऑपरेशन थिएटर से बाहर निकलने पर एक कोने में डिस्पोजेबल इंजेक्शन का कचरा देख भड़क गई। उन्होंने अस्पताल की महिला वार्ड का दौरा किया और वार्ड के अस्पताल में पहुंच गई। इसके बाद वे स्टाफ वॉशरूम में घुसी तो वह चमचमाता मिला। इस पर वे अस्पताल के कर्मचारियों पर भड़क गई और उन्हें पूछा कि क्या वे लोग अपने लिए ऐसे वॉशरूम का इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज तो इसके लिए स्टाफ को वार्निंग दी गई है और भविष्य में अस्पताल में इस तरह के हालात पाए जाने पर सीधे उनके खिलाफ एक्शन किया जाएगा।
दूसरी तरफ आप पार्टी के अलग-अलग विधायकों ने जिला में काम कर रहे भ्रष्ट कर्मचारियों और अधिकारियों की लिस्ट तैयार करनी शुरू कर दी है। अमृतसर के रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी सचिव दफ्तर, ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक, जिला तहसील के रजिस्ट्रार दफ्तरों तथा सिविल सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टरों पर लगातार नजर रखी जा रही है और पूर्व में किन-किन अधिकारियों और कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार मामलों में कार्रवाई हुई, का भी आंकड़ा जुटाया जा रहा है। दूसरी तरफ उत्तरी हलके से शिअद के अनिल जोशी को पराजित करने वाले पूर्व आईजी डॉ. कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पांच लोगों पर आधारित कमेटी बना दी है जो लगातार उनके दफ्तर में बैठेगी और लोगों की समस्याएं सुनेगी।
समाना अस्पताल में आप विधायक ने देर रात दी दबिश, शौचालय में गंदगी देख हुए नाराज
पंजाब में अभी आम आदमी पार्टी की सरकार का गठन भी नहीं हुआ है, लेकिन इससे पहले ही पार्टी के विधायक फील्ड में सक्रिय हो गए हैं। सोमवार दोपहर को शुतराणा हलके के आप विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर ने पातड़ां के सिविल अस्पताल की रेड करके वहां के सीनियर मेडिकल अफसर (एसएमओ) को शराब के नशे में पकड़ा था। मौके से एक बोतल में देसी शराब भी मिली थी। वहीं सोमवार आधी रात को समाना हलके से विधायक चेतन सिंह जोड़ेमाजरा ने अपने हलके के सरकारी सिविल अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान अस्पताल के शौचालय में गंदगी देखकर विधायक भड़क गए और उन्होंने मौके पर मौजूद अस्पताल के अधिकारियों व मुलाजिमों की क्लास लगा दी। साथ ही तुरंत अस्पताल के एसएमओ को फोन करके अस्पताल में सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए।
विधायक जोड़ेमाजरा ने अस्पताल में मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूछा कि क्या यहां के अधिकारी चेकिंग नहीं करते हैं या फिर सफाई कर्मचारी अपना काम सही ढंग से नहीं करते हैं। साथ ही कहा कि अगर अस्पताल अधिकारियों को किसी तरह की कोई परेशानी है, तो उन्हें बताया जाए। इससे वह अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करा सकें। इसके बाद विधायक ने एसएमओ से फोन पर बात की और कहा कि वह अस्पताल में सफाई व्यवस्था की चेकिंग खुद क्यों नहीं करते हैं। विधायक ने एसएमओ को साफ शब्दों में कहा कि अब पंजाब में आप की सरकार बनने वाली है, इसलिए अस्पतालों में अब वह पहले सी अव्यवस्था नहीं रहने दी जाएगी। इसके साथ ही जोड़ेमाजरा ने दौरे के दौरान अस्पताल के जिस हिस्से में रोशनी नहीं थी, वहां लाइट का इंतजाम करने को कहा। साथ ही अस्पताल में दाखिल मरीजों का हालचाल जाना और उनकी चिकित्सा सेवाओं व अस्पताल स्टाफ संबंधी शिकायतों के बारे में जाना।