घमासान: सिद्धू खेमे के मंत्रियों ने पंजाब प्रभारी से बनाई दूरी, हरीश रावत बोले- सब कुछ ठीक नहीं
पंजाब कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं है। यह हम नहीं बल्कि पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत खुद कह रहे हैं। सिद्धू खेमे के नाराज मंत्रियों ने रावत से दूरी बनाए रखी। चंडीगढ़ से रवाना होने से पहले हरीश रावत ने कहा कि कुछ ऐसे मुद्दे हैं, जिनका हल होना बेहद जरूरी है और पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब कांग्रेस में चल रहा घमासान अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। तीन दिवसीय चंडीगढ़ प्रवास के दौरान पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत से नवजोत सिंह सिद्धू खेमे के मंत्रियों ने दूरी बनाए रखी। नाराज मंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाने पर अड़े हैं। हालांकि हरीश रावत ने इस पर कहा है कि अच्छा ही हुआ कि वह मुझसे नहीं मिले, नहीं तो फिर से बखेड़ा खड़ा हो जाता।
पंजाब प्रभारी ने नाराज मंत्रियों के नहीं मिलने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वैसे तो मुझसे कोई भी मिल सकता है, मेरे लिए वह नाराज मंत्री नहीं सिर्फ मंत्री ही हैं। रावत ने कहा कि वैसे अच्छा ही हुआ कि वह मुझसे नहीं मिले, नहीं तो मेरी दो दिनों की मेहनत पर पानी फिर जाता। मुझसे मुलाकात न करके उन्होंने समझदारी दिखाई है।
हालांकि उन्होंने कहा कि इन दो दिनों में कुछ लोगों ने मुझसे मुलाकात कर भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की है। बता दें कि सिद्धू खेमे के नाराज मंत्री अपनी मांग को लेकर देहरादून भी जाकर रावत से मुलाकात कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने अपनी इस मांग को आलाकमान के समक्ष भी उठाया है।
ये मंत्री हैं नाराज
पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू खेमे के नाराज मंत्रियों में प्रमुख रूप से तृप्त बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, सुखविंदर सरकारिया शामिल हैं। ये तीनों मंत्री खुलकर रावत के समक्ष पंजाब में नेतृत्व परिवर्तन की मांग कर चुके हैं, हालांकि रावत ने उनकी इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया है।
जारी रहा बैठकों का दौर
गुरुवार को भी पंजाब प्रभारी हरीश रावत की बैठकों का दौर जारी रहा। पंजाब भवन में हरीश रावत से कैबिनेट मंत्री अरूणा चौधरी, कार्यकारी प्रधान कुलजीत नागरा, विधायक अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग व अन्य नेताओं ने मुलाकात की। इस दौरान संगठन विस्तार को लेकर रावत ने सभी से चर्चा की।
दिल्ली रवाना होने से पहले पंजाब प्रभारी हरीश रावत ने कहा कि मैं छिपाना नहीं चाहता लेकिन पंजाब कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा। कुछ सवाल ऐसे हैं जिनको सुलझाना जरूरी है। हरीश रावत, कांग्रेस प्रभारी, पंजाब।