मार्च में अप्रैल जैसी गर्मी : 10 साल में दूसरी बार तपा मार्च, आज से तेज हवाएं चलेंगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मार्च में अप्रैल जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है। मंगलवार को दिन का तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा। बीते दस वर्षों में यह दूसरी बार है जब मार्च का तापमान 35 डिग्री से पार गया है। इससे पहले वर्ष 2017 में मार्च महीने में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
बाकी वर्षों में तापमान 34 डिग्री के आसपास रहा है। रात में भी गर्मी बढ़ने लगी है। सोमवार की रात न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा। हालांकि आज से गर्मी से राहत मिलनी शुरू हो जाएगी। साथ ही अगले तीन दिन 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिन व रात के तापमान में अचानक बढ़ोतरी की वजह पश्चिमी विक्षोभ बताया गया है। हालांकि जम्मू-कश्मीर के पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ भारत की सीमाओं को पार कर गया है। इसकी वजह से राजस्थान की ओर से गर्म हवाएं आ रही थीं, जिससे गर्मी में बढ़ोतरी हुई। मौसम में आए बदलाव की वजह से पहाड़ी इलाकों में अच्छी बारिश और कुछ ऊंचाई वाली पहाड़ियों में हल्की बर्फबारी भी हुई है। अब फिलहाल अगले एक हफ्ते तक चंडीगढ़ सहित हरियाणा-पंजाब में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि अगले दो से तीन दिन गर्मी से राहत महसूस की जाएगी। उत्तर पश्चिमी हवाओं से तापमान नीचे आएगा।
अब चलेंगी तेज हवाएं, तापमान गिरेगा
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ निष्क्रिय हो गया है। इससे पहाड़ी इलाकों में मौसम साफ हो गया है। अब उत्तर पश्चिम हवाएं चलेगी, जो काफी तेज होंगी और पहाड़ों की ठंड मैदानी इलाकों में लाएंगी। इससे दिन के तापमान में गिरावट आएगी।
मौसम विभाग के अगले तीन दिन के पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री व न्यूनतम तापमान 18 डिग्री, गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने के आसार हैं।
किस साल कितना रहा अधिकतम तापमान
- वर्ष तापमान
- 2021 36.5 डिग्री सेल्सियस
- 2020 29.4 डिग्री सेल्सियस
- 2019 34.0 डिग्री सेल्सियस
- 2018 34.5 डिग्री सेल्सियस
- 2017 37.0 डिग्री सेल्सियस
- 2016 33.4 डिग्री सेल्सियस
- 2015 33.6 डिग्री सेल्सियस
- 2014 30.7 डिग्री सेल्सियस
- 2013 31.1 डिग्री सेल्सियस
- 2012 34.1 डिग्री सेल्सियस