भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच आज: डिवाइडर पर लगाई टीन, सुरक्षा में तीन हजार कर्मी होंगे तैनात, कई रूट डायवर्ट
डीजीपी शुक्ला ने बताया कि मैच के दौरान पिछली बार भी कौमी इंसाफ मोर्चा के कुछ प्रदर्शनकारी मैच में पहुंच गए थे। इस बार ऐसा न हो, इसके लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी ताकि मैच में किसी तरह की रुकावट न हो।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मोहाली में शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें भिड़ेंगी। मैच में कोई शरारती तत्व रुकावट पैदा न करे, इसके लिए डिवाइडर पर टीन लगाई गई है। चौकों पर अस्थायी कैमरे लगाए गए हैं। मैच के लिए जिला पुलिस ने चार स्तरीय सुरक्षा का इंतजाम किया है। आईजी रोपड़ रेंज इसके ओवरऑल इंचार्ज होंगे। मोहाली के एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग और रोपड़ के एसएसपी विवेकशील सोनी को तैनात किया गया है।
डीआईजी (कानून-व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि क्रिकेट मैच के दौरान करीब तीन हजार जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा दंगा निरोधी दस्ते की 15 टीमें तैनात की जाएंगी। दर्शकों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए आठ पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। दर्शकों की सुविधा के लिए पीसीए को बोर्ड लगाने के लिए कहा ताकि लोगों को एंट्री के लिए गेट ढूंढने में दिक्कत न हो। वहीं, आसपास रहने वाले लोगों को दिक्कत न हो, इसके लिए ट्रैफिक डायवर्ट भी किया गया है। मैच सही ढंग से पूरा हो सके, इसके लिए संबंधी सभी अफसरों को रिहर्सल भी कराई गई है ताकि मैच के दौरान सभी अपनी ड्यूटी सही ढंग से निभा सकें।
कौमी इंसाफ मोर्चा समेत अन्य प्रदर्शनकारियों को रोकने की पूरी तैयारी
डीजीपी शुक्ला ने बताया कि मैच के दौरान पिछली बार भी कौमी इंसाफ मोर्चा के कुछ प्रदर्शनकारी मैच में पहुंच गए थे। इस बार ऐसा न हो, इसके लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी ताकि मैच में किसी तरह की रुकावट न हो।
- फेज-7 मोहाली साइड से फेज-9, 10 या 11 जाने वाला ट्रैफिक शिक्षा बोर्ड की लाइट प्वाइंट से नाइपर रोड होकर आगे जाएगा। वहीं, फेज-9, 10 या 11 साइड से फेज-7 आने के लिए भी यही रूट प्लान रहेगा। इसके अलावा लोग फेज 10 से सेक्टर 49 व 50 की सड़क से वाईपीएस चौक से होते हुए फेज 7 जा सकते हैं।
- फेज-10 मार्केट के पिछली साइड रहने वाले लोगों के लिए नाइपर के मेन गेट वाली सड़क से होकर मंडीकरण बोर्ड से होकर आगे फेज-10/11 की लाइटों से सेक्टर-48-49 से होकर चंडीगढ़ की तरफ जाना पड़ेगा।
- फेज-9 से चंडीगढ़ जाने के लिए लोगों को फेज-8/9 की लाइटों से सेक्टर-44/45 की तरफ जा रही सड़क से गुजरना होगा। इसी रास्ते से वापस शहर में एंट्री भी होगी।
ये सड़कें आवाजाही के लिए रहेंगी बंद
मैच को लेकर स्टेडियम में जाने वाली कई सड़कों को आवाजाही के लिए बंद किया जाएगा। सिर्फ जिनके पास टिकट होगी और पार्किंग पास होगा। वही लोग इन सड़कों से जा सकेंगे। फेज-8 व 9 लाइट प्वाइंट, फेज-10 व 11 की लाइट प्वाइंट से स्टेडियम जाने वाली सड़क, नाइपर पुल से चंडीगढ़ जाने वाली सड़क, सेक्टर-68 से फेज 9 आने वाली सड़क, सेक्टर-63 चंडीगढ़ से फेज 10 आने वाली सड़क आवाजाही के लिए बंद रहेगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मैच के दौरान यह रास्ता न अपनाया जाए।
यहां होगा पार्किंग का प्रबंध
मैच के दौरान आने वाले दर्शकों के लिए फोर्टिस अस्पताल के पास, पुडा/गमाडा भवन, पीएसईबी भवन के पास, वन भवन, फेज-9, 10 और 11 की मार्केट, हॉकी स्टेडियम और मानव मंगल स्कूल के पास पार्किंग का प्रबंध रहेगा। वहीं, वन भवन से दर्शकों को स्टेडियम तक ले जाने के लिए शटल बस सर्विस की सुविधा भी रहेगी।