स्वाति बोली, दिल्ली महिला आयोग को मिलेगी बड़ी पॉवर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली महिला आयोग को बहुत जल्द एक बड़ी पॉवर मिलने वाली है। इसका खुलासा खुद चेयरमैन स्वाति जयहिंद ने किया। उन्होंने बताया कि महिलाओं से जुडे़ मामलों को लेकर अब आयोग की पॉवर बढ़ेगी।
आयोग की तरफ से जारी होने वाले समन पर हाजिर नहीं होने वाले व्यक्ति के खिलाफ कोर्ट के माध्यम से अब अरेस्ट वारंट जारी हो सकेगा, जबकि अभी तक आयोग के पास इतनी पॉवर नहीं थी। सोमवार को स्वाति एमडीयू में एक रक्तदान शिविर में बतौर मुख्यातिथि पहुंची थीं।
यहां उन्होंने अमर उजाला से विशेष बातचीत में बताया कि आयोग में लंबे समय से करीब दो हजार केस पेंडिंग हैं। इसमें सबसे ज्यादा घरेलू हिंसा के मामले हैं, जिन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उन सभी का मंथन कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जा रहा है। इसके लिए कंपलीट हैंडलिंग कमेटी को रिव्यू भी किया जा रहा है, जिससे शिकायत सही एजेंसी तक पहुंच सके।
एमडीयू के सेक्सुअल हरासमेंट सेल का हाल जाना
स्वाति जयहिंद ने कहा कि अभी तक आयोग के समन पर हाजिर नहीं होने वाले पक्ष पर कार्रवाई मुश्किल थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। कोर्ट के माध्यम से अब ऐसे लोगों के खिलाफ सीधे अरेस्ट वारंट जारी हो सकेगा। दिल्ली के शिक्षण संस्थानों में सेक्सुअल हरासमेंट सेल पर उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी यूनिवर्सिटी को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
यूनिवर्सिटी से उनके यहां सेक्सुअल हरासमेंट सेल की क्या स्थिति है, कितनी शिकायतें और कितनी का समाधान हुआ आदि का ब्योरा मांगा गया है। खुद की नियुक्ति को लेकर उठ रहे विरोध पर कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं राजनीति के लिए नहीं आई, बल्कि समाजसेवा के लिए आई हूं और वही कर रही हूं।
पुलिस-प्रशासन को नहीं लगी भनक
महिला आयोग की चेयरमैन स्वाति जयहिंद बेहद साधारण तरीके से यूनिवर्सिटी में पहुंची। न ही वह दिल्ली से अपने साथ काफिला लेकर आईं और न ही स्थानीय पुलिस-प्रशासन को जानकारी दी। वह बिना किसी प्रोटोकॉल लिए ही यूनिवर्सिटी में आईं और कुछ देर रुकने के बाद वापस लौट गईं।