जानिए, पंजाब में चुनाव की खास-खास बातें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के सभी हलकों में मतदान तीस अप्रैल को होगा। नौ अप्रैल तक नामांकन, दस को नामांकन पत्रों की जांच और बारह अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतगणना 16 मई को होगी, 28 मई तक चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
पंजाब के चार हलके रिजर्व हैं, जिनमें जालंधर, होशियारपुर, फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट शामिल हैं। वीके सिंह ने कहा कि हिंसा आदि केलिहाज से पंजाब का कोई भी हलका संवेदनशील नहीं है, लेकिन हर चुनाव की तरह पैरा मिलेट्री फोर्स तैनात की जाएगी।
खास नजर एक्सपेंडिचर सेंसिटिव हलकों पर रहेगी। यहां केंद्रीय चुनाव आयोग दो-दो ऑब्जर्वर लगाएगा। उनके साथ राज्य आयोग की तरफ से असिस्टेंट ऑब्जर्वर लगाए जाएंगे। फ्लाइंग स्क्वाएड और स्टैटिक सरवीलेंस टीमें रहेंगी। जिनमें आयकर, कस्टम जैसे केंद्रीय विभागों के अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। हर हलके में तीन स्टैटिक टीम रहेंगी।
पांच लोकसभा हलके ‘एक्सपेंडिचर सेंसिटिव’
चुनाव आयोग ने पंजाब के पांच लोकसभा हलकों को ‘एक्सपेंडिचर सेंसिटिव’ करार दिया है। इनमें गुरदासपुर, अमृतसर, फिरोजपुर, बठिंडा और पटियाला शामिल हैं।
पिछले चुनावों की रिपोर्ट के आधार पर इन हलकों को चुनावी खर्च के लिहाज से संवेदनशील माना गया है। लोकसभा चुनाव के दौरान इन हलकों पर आयोग की खास नजर रहेगी।
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी वीके सिंह ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।
117 विधानसभा हलकों में तैनात होंगी छह सौ टीमें
राज्य के 117 विधानसभा हलकों में छह सौ टीमें तैनात की जाएंगी। बुधवार सुबह आचार संहिता लागू होने के बाद इंडस्ट्री विभाग की ओर से चार अफसरों के तबादलों पर सिंह ने जांच कराने की बात कही।
उन्होंने बताया कि तबादलों से संबंधित करीब 15 शिकायतें आई हैं, जिन पर प्रमुख सचिव से रिपोर्ट मांगी है। डीजीपी सैनी के खिलाफ शिकायत और मुलाकात के आरोप को उन्होंने टाल दिया।
तीस मार्च तक बन सकेंगे वोट
इस दिन देश भर केकरीब नौ लाख पोलिंग स्टेशनों पर संबंधित बूथ लेवल अफसर बैठेंगे। जिनके पास वोटर लिस्ट होंगी। लोग लिस्ट में अपना नाम देखें, अगर उनका नाम नहीं है तो वोट बनवाने के लिए आवेदन करें।
सात लाख नए वोटर बने
मुख्य चुनाव अधिकारी वीके सिंह ने बताया कि 2012 विधानसभा चुनाव के बाद से अब तक सात लाख नए वोटर बने हैं। जिनमें ढाई लाख वोटर ऐसे हैं, जो पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। राज्य में कुल 19207230 वोटर हैं।
चुनाव आचार संहिता लागू
चुनाव के ऐलान के साथ ही आचार संहिता लागू हो गई है। कोई भी नया विकास कार्य शुरू नहीं हो सकेगा। किसी काम का वर्क ऑर्डर हो गया है, काम शुरू नहीं हुआ है तो वह चुनाव प्रक्रिया के बाद ही शुरू होगा। कोई सांसद या विधायक फंड जारी नहीं कर सकेगा। मंत्री अधिकारिक और सियासी दौरे एक साथ नहीं कर सकेंगे।
चुनाव से जुड़ी खास बातें
एरिया के लिहाज से सबसे छोटा हलका - लुधियाना
एरिया के लिहाज से सबसे बड़ा हलका - बठिंडा
मतदाताओं के लिहाज से सबसे छोटा हलका - फतेहगढ़ साहिब
मतदाताओं के लिहाज से सबसे बड़ा हलका - पटियाला
राज्य में कुल मतदाता - 1,92, 07230
पुरुष मतदाता - 1, 01, 12, 873
महिला मतदाता - 9, 094, 357
पोलिंग स्टेशन लोकेशन - 13,574
पोलिंग स्टेशन - 21,957 (शहरी -6494, ग्रामीण -15463)
एनआरआई वोटर - 138 (पुरुष - 81, महिला - 57)