भाजपा को प्रत्याशियों का टोटा, पूनम ढिल्लों व विनोद खन्ना की पत्नी और बेटे के नाम पर चर्चा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के टिकट के दावेदार नेता बेसब्री से प्रत्याशियों के एलान का इंतजार कर रहे हैं। वहीं अकाली दल ने दो-तीन सीटों को छोड़कर अपने हिस्से की सभी सीटों के प्रत्याशी अंदरखाते तय कर लिए हैं। साथ ही उन प्रत्याशियों को इसकी जानकारी भी दे दी है ताकि वे अपना प्रचार अभियान शुरू कर दें।
लेकिन अकाली दल के साथ गठबंधन में तीन संसदीय सीटों पर चुनाव लड़ रही भाजपा अभी तक पसोपेश में है। पार्टी को अपने हिस्से की दो सीटों पर ढूंढे से भी प्रत्याशी नहीं मिल रहे। केवल एक सीट पर उसे राहत है कि वहां पहले से पार्टी का सांसद मौजूद है।
भाजपा के पदाधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब में पार्टी के हिस्से की तीनों सीट- अमृतसर, गुरदासपुर और होशियारपुर के लिए प्रत्याशियों का एलान भाजपा आलाकमान द्वारा किया जाएगा। इसके लिए प्रदेशाध्यक्ष ने संभावित प्रत्याशियों का एक पैनल भी आलाकमान को भेज दिया है। बावजूद इसके पार्टी की प्रदेश इकाई अब तक यह सुनिश्चित नहीं कर सकी है कि पैनल में शामिल संभावित दावेदार अपनी सीट जीत सकेंगे या नहीं।
2014 के चुनाव में मोदी लहर के बावजूद अमृतसर सीट से अरुण जेटली हार गए थे। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में भी अमृतसर में भाजपा को सफलता नहीं मिली। यही कारण है कि अमृतसर और गुरदासपुर सीटों पर पार्टी अपने कैडर से बाहर ऐसे चेहरे तलाश रही है, जो अपनी लोकप्रियता के बल पर सीट जीत सकें।
फिल्मी सितारों और रिटायर्ड नौकरशाहों पर नजर दौड़ाई जा रही है। 2014 में गुरदासपुर से विनोद खन्ना जीते थे। लेकिन उनकी मौत के बाद इस सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस के सुनील जाखड़ ने कब्जा कर लिया। इस प्रयोग का मुख्य कारण यह भी है कि भाजपा इससे पहले अमृतसर में नवजोत सिंह सिद्धू और गुरदासपुर में अभिनेता विनोद खन्ना को टिकट देकर उसके नतीजे देख चुकी है।
सिद्धू ने अमृतसर में रघुनंदन लाल भाटिया और विनोद खन्ना ने गुरदासपुर में सुखबंस कौर भिंडर को हराकर भाजपा को ये सीटें दिलाई थीं। अब इन्हीं दो सीटों को लेकर भाजपा चिंतित है। हालांकि पार्टी के दिग्गज नेता अनिल जोशी अमृतसर सीट से दावेदारी पेश कर चुके हैं। फिर भी अभिनेत्री पूनम ढिल्लों और पूर्व ब्यूरोक्रेट हरदीप सिंह पुरी के नामों पर विचार किया जा रहा है।
उधर, गुरदासपुर में भी पार्टी विनोद खन्ना की पत्नी कविता खन्ना और बेटे अभिनेता अक्षय खन्ना के नामों पर विचार कर रही है। वैसे इस सीट के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी कुमार शर्मा, मास्टर मोहन लाल और अविनाश राय खन्ना भी दौड़ में हैं।
भाजपा के हिस्से की तीसरी सीट होशियारपुर से इस समय विजय सांपला पार्टी के सांसद हैं और मोदी सरकार में राज्य मंत्री भी हैं। हालांकि इस सीट पर फगवाड़ा से विधायक सोमप्रकाश और राज्य एससी आयोग के पूर्व चेयरमैन राजेश बाघा भी दावेदार हैं। लेकिन माना जा रहा है कि विजय सांपला का पक्ष काफी मजबूत है।
दूसरी ओर उक्त तीनों सीटों को लेकर कांग्रेस में दावेदारों की लंबी लाइन लगी हुई है। पार्टी को यह भी चिंता है कि जल्द प्रत्याशी घोषित किए जाने से कहीं पार्टी को बाकी बचे दावेदारों की बगावत का सामना न करना पड़े। अमृतसर सीट से टिकट पाने के लिए 13 और होशियारपुर सीट से 17 कांग्रेसियों ने दावा ठोका है। गुरदासपुर सीट ही ऐसी है जहां टिकट के तीन दावेदार हैं।
वैसे यह सीट मौजूदा सांसद सुनील जाखड़ के लिए पक्की मानी जा रही है। होशियारपुर सीट से चब्बेवाल के विधायक राजकुमार, सीनियर नेता संतोष चौधरी और उनकी बेटी सोहिनी चौधरी, आप से कांग्रेस में शामिल हुई यामिनी गौमर, सीनियर नेता जोगिंदर सिंह मान और पवन आदिया टिकट के दावेदारों में सबसे आगे हैं। अमृतसर सीट से मौजूदा सांसद गुरजीत सिंह औजला प्रमुख दावेदार हैं। हालांकि इस सीट पर कर्म सिंह रिंटू , जसबीर सिंह डिंपा और डॉक्टर नवजोत कौर सिद्धू भी दावेदारी जता चुकी हैं।