सीएम बोले- टिड्डियों से घबराएं नहीं, स्थिति पर नजर, हुड्डा और सैलजा ने की मुआवजे की मांग
- छिड़काव के लिए किसानों को दिए फायर टेंडर, स्प्रे मशीन, मांउटेड ट्रैक्टर
- मुख्यमंत्री मनोहर लाल संबंधित जिलों के उपायुक्तों से ले रहे हैं रिपोर्ट
- हुड्डा बोले- पहले से जानकारी होने के बावजूद सरकार ने नहीं की तैयारी
विस्तार
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किसानों से आह्वान किया है कि वे टिड्डी दल से घबराएं नहीं। सरकार की इस परिस्थिति पर लगातार नजर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में टिड्डी दल से बचाव के लिए राज्य सरकार व जिला स्तर पर बेहतर व्यवस्था की गई है। महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम व पलवल के डीसी से निरंतर अपडेट रिपोर्ट ली है।
मनोहर ने कहा कि टिड्डी दल से किसानों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार किसानों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने देगी। सरकार हर स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि टिड्डी दल की सूचना के मद्देनजर जिला प्रशासन व कृषि विभाग निरंतर पड़ोसी राज्यों के साथ संपर्क बनाए हैं।
यह भी पढ़ें- 24 साल के लांसनायक सलीम खान लद्दाख में शहीद, फोन पर आखिरी बार मां से कही थी ये बात
सरकार ने टिड्डी दल से बचाव के लिए पहले से ही तैयारियां सुनिश्चित की हुई हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को दवाई के छिड़काव के लिए फायर टेंडर, स्प्रे मशीन, मांउटेड ट्रैक्टर दिए गए हैं। किसानों को जानकारी देने के लिए संबंधित जिलों में कंट्रोल रूप स्थापित किए गए और गांवों में मुनादी भी करवाई गई है।
टिड्डी दल के हमले को रोकने में सरकार नाकाम: हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने टिड्डी दल का हमला रोकने में सरकार को पूरी तरह नाकाम बताया है। उनका कहना है कि 6 महीने पहले जानकारी होने के बावजूद सरकार ने कोई तैयारी नहीं की। अगर वक्त रहते इस हमले से निपटने के लिए कदम उठाए जाते तो किसानों को बड़े नुकसान से बचाया जा सकता था। सरकार जानकारी होने के बावजूद हाथ पर हाथ धरे बैठी रही है।
अंत में किसानों के खेतों को किसान के भरोसे छोड़ दिया गया। खुद कुछ करने की बजाय सरकार की तरफ से किसानों से ही ताली और थाली बजवाने की अपील की गई। इसलिए राजस्थान के रास्ते पाकिस्तान की तरफ से आए टिड्डी दल ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात और फरीदाबाद में काफी नुकसान पहुंचाया। बाजरा, कपास, सौंठ और दूसरी फसलों को तबाह कर दिया।
नेता प्रतिपक्ष ने मांग उठाई कि सरकार सभी जिलों में हुए नुकसान की स्पेशल गिरदावरी करवाए। सरकार तुरंत किसानों को मुआवजे का भुगतान करे। पहले भी प्रदेश में कई बार बेमौसी बारिश और ओलावृष्टि से खेती को नुकसान हो चुका है। सरकार ने किसानों को उसका मुआवजा आज तक नहीं दिया। कभी कुदरत की बेरुखी, कभी टिड्डी का हमला, कभी सरकारी नीतियों की मार तो कभी पेट्रोल-डीजल की महंगाई का बोझ, किसान पर आज चौतरफा नुकसान की मार पड़ रही है।
टिड्डी दल से फसल नुकसान का मुआवजा दे सरकार: सैलजा
हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने टिड्डी दल के हरियाणा प्रदेश में दाखिल होने पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की नाकामियों के कारण आज प्रदेश के किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से टिड्डियों से किसानों की फसलों को बचाने के लिए तुरंत प्रभाव से कदम उठाने और जिन किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें बिना विलंब किए विशेष गिरदावरी करवाकर मुआवजा देने की मांग की है।