फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Lockdown, Hotspot, Curfew, Coronavirus in Punjab: Death case, Positive Cases

पंजाब: लुधियाना में कानूनगो ने तोड़ा दम, प्रदेश में कोरोना से 15वीं मौत, संक्रमितों की संख्या हुई 200 पार

Fri, 17 Apr 2020 11:49 PM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: खुशबू गोयल Updated Fri, 17 Apr 2020 11:49 PM IST
विज्ञापन
Lockdown, Hotspot, Curfew, Coronavirus in Punjab: Death case, Positive Cases
कोरोना वायरस - फोटो : अमर उजाला

पंजाब में कोरोना वायरस का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन प्रदेश में कोरोना के कारण मौत दर्ज हुई। सूबे में इस बीमारी से होने वाली यह 15वीं मौत है। वहीं राज्य में कोरोना के 17 नए केस आने से पीड़ितों की संख्या भी बढ़कर 214 तक पहुंच गई है। हालांकि कोरोना से ठीक हुए लोगों की संख्या भी बढ़कर 30 हो गई है।

विज्ञापन


सेहत विभाग की ओर से जिलेवार जारी आंकड़ों के अनुसार, मोहाली में पीड़ितों की संख्या 57, जालंधर में 38, पठानकोट में 24, नवांशहर में 19, लुधियाना में 15, अमृतसर, मानसा व पटियाला में 11-11, होशियारपुर में 7, मोगा में 4, फरीदकोट, रोपड़, संगरूर व बरनाला में 3-3, फतेहगढ़ साहिब व कपूरथला में 2-2, मुक्तसर, गुरदासपुर और फिरोजपुर में 1-1 केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन


लुधियाना जिले के पायल निवासी 58 वर्षीय राजस्व विभाग के कानूनगो गुरमेल सिंह की डीएमसी लुधियाना में शुक्रवार को मौत हो गई। वे कोरोना संक्रमित थे, हालांकि डॉक्टरों में उनकी मौत का कारण दिल का दौरा बताया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार शाम को कोरोना संबंधी मीडिया बुलेटिन में भी इस मौत का जिक्र नहीं किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


कानूनगो का यात्रा इतिहास नहीं
कोरोना संक्रमित कानूनगो को 14 अप्रैल को सेहत बिगड़ने के बाद डीएमसी में भर्ती कराया गया था। उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। गुरुवार रात को ही उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उनका कोई यात्रा इतिहास नहीं है। स्वास्थ्य विभाग ने उनके परिवार के अन्य सदस्यों को क्वारंटीन कर सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने बताया कि वे कोरोना से संक्रमित थे लेकिन उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है।  

चार नए मामले भी सामने आए
लुधियाना में शुक्रवार को ही कोरोना के चार संक्रमित मामले सामने आए। चारों संक्रमित एसीपी नार्थ के संपर्क में हैं। इसमें एसीपी की पत्नी, थाना जोधेवाल प्रभारी, एक कांस्टेबल और जिला मंडी अधिकारी शामिल हैं। नए केस सामने आने के बाद जिले में कोरोना पीड़ितों की संख्या 16 हो गई है। इनमें से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। जिला मंडी अधिकारी कुछ दिन पहले जिले में सब्जी मंडी में भीड़ को लेकर हुए विवाद के दौरान संक्रमित एसीपी के संपर्क में आई थी।   

डीएमसी में भर्ती कानूनगो की शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई है, वह कोरोना पॉजिटिव थे। इसके अलावा चार नए पॉजिटिव केस आए हैं। उन्हें आइसोलेट कर दिया गया है। उनके संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की पहचान सेहत विभाग की तरफ से की जा रही है।
- डॉ. राजेश बग्गा, सिविल सर्जन लुधियाना

जालंधर में एक साल के बच्चे सहित सात नए कोरोना के मरीज

उधर, जालंधर में 24 घंटे के दौरान सात नए पॉजिटिव केस सामने आने से चिंता बढ़ गई है। इनमें तीन मरीज राजा गार्डन में पहले से पॉजिटिव पाए गए व्यक्ति के करीबी संपर्क में थे, जबकि दो मरीज बस्ती दानिशमंदा में पॉजिटिव पाए गए हैं। यह मरीज भी पहले से पॉजिटिव पाए गए मरीज के करीबी हैं। दो अन्य पॉजिटिव केस पुरानी सब्जी मंडी और नील महल मोहल्ले के हैं। यह लोग भी पॉजिटिव के करीबियों के संपर्क के कारण बीमार हुए हैं।

इसके साथ ही जालंधर जिले में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है। शुक्रवार शाम को तीन रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें न्यूज पेपर के सब एडिटर के दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। सब एडिटर के पिता जीत लाल को कोरोना हो गया था और वह अस्पताल में इलाजरत हैं। इसके अलावा कांग्रेसी नेता दीपक शर्मा के संपर्क में आने वाला नीलामहल का एक युवक भी संक्रमित पाया गया है।

कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. टीपी सिंह के मुताबिक, राजा गार्डन में रहने वाले मरीज जसबीर सिंह की 68 वर्षीय मां, उसका एक साल का भतीजा, 8 साल की बेटी के सैंपल पॉजिटिव आये हैं। वहीं पुरानी सब्जी मंडी में पाजिटिव आई महिला नीरू का 24 साल बेटा भी कोरोना से ग्रस्त पाया गया है। सेहत विभाग ने मरीजों को आईसोलेट कर दिया है और उनके आगे संपर्क की सूची तैयार की जा रही है।

शहर में कोरोना वायरस का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। रेड जॉन में शामिल हो चुके जालंधर में प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। जालंधर के डीसी ने आठ इलाके हॉटस्पॉट घोषित कर दिये हैं, जिसमें भैरों बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, मकसूदां, निजात्म नगर, बस्ती शेख, नारायण नगर, एसएएस नगर व गांव विरका शामिल हैं। इसके अलावा तीन इलाकों सेंट्रल टाउन, रेलवे रोड व कूल रोड को अंडर ऑब्जर्वेशन रखा गया है।

लुधियाना के संक्रमित एसीपी का चालक भी कोरोना पॉजिटिव

लुधियाना से कोरोना फिरोजपुर पहुंच गया है। लुधियाना के एसीपी का चालक कांस्टेबल प्रभजोत सिंह वासी गांव वाड़ा भाई, जिला फिरोजपुर कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। प्रभजोत दो दिनों के भीतर अपने गांव के अलावा फिरोजपुर शहर व छावनी के कई लोगों से मिला था। सेहत विभाग ने गांव वाड़ा भाई और प्रभजोत का घर सील कर दिया है। सेहत विभाग ने दो टीमें गठित की हैं। एक टीम प्रभजोत के परिजनों के सैंपल लेकर टेस्ट के लिए लैब में भेजेगी जबकि दूसरी टीम ग्रामीणों का चेकअप करेगी। जिन लोगों से प्रभजोत मिला है, उनकी भी तलाश की जा रही है।

डीसी कुलवंत सिंह ने बताया कि प्रभजोत सिंह (नंबर-2956, लुधियाना) लुधियाना में पंजाब पुलिस के एसीपी रैंक के अधिकारी का चालक था। कुछ दिन पहले उक्त अधिकारी व उसकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसीलिए प्रभजोत के सैंपल लेकर टेस्ट को भेजे थे, जो पॉजिटिव पाए गए हैं। प्रभजोत के गांव वाड़ा भाई के लोगों और उसके परिजनों के प्राइमरी और सेकेंडरी टेस्ट किए जा रहे हैं। कांस्टेबल जिन-जिन लोगों से मिला है, उनके बारे में पूछताछ कर उनकी तलाश की जा रही है। सेहत विभाग और पुलिस की टीमों ने अपना काम शुरू कर दिया है।

सिविल अस्पताल के एसएमओ अविनाश जिंदल का कहना है कि प्रभजोत को सिविल अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में रखकर इलाज करेंगे। प्रभजोत के घर और गांव को सील कर दिया गया है।
दूसरी तरफ, गांव वाड़ा भाई के ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस ने पूरा गांव सील कर दिया है। गांव में किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं होने दिया जा रहा है। लोगों को घर के दरवाजे से भी बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। गांव को सैनिटाइज किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रभजोत के घर में उसके माता-पिता, पत्नी और डेढ़ साल का बच्चा है। बताया जा रहा है कि वीरवार शाम को प्रभजोत अपने बच्चों के साथ बाइक पर गांव से बाहर गया था और गांव के लोगों से भी मिलता रहा है।

पटियाला : पुस्तक विक्रेता की पत्नी-दो बेटों समेत चार नए केस

जिले में कोरोना पॉजिटिव केसों में लगातार इजाफा हो रहा है। वीरवार रात को कच्चा पटियाला एरिया निवासी जिस पुस्तक विक्रेता की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, शुक्रवार को उसकी पत्नी व दोनों बेटे भी संक्रमित पाए गए। राजपुरा की 54 साल की एक महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव रही। चारों नए मरीजों को राजिंदरा अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।

वहीं शुक्रवार शाम को पुस्तक विक्रेता की पत्नी और बेटों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो तत्काल प्रभाव से कच्चा पटियाला एरिया को सील कर दिया गया। साथ ही पुस्तक विक्रेता के नजदीकी पड़ोसियों को क्वारंटीन कर दिया गया। इस दौरान जिस पड़ोसी में भी खांसी, जुकाम व बुखार के लक्षण पाए गए, उनके सैंपल लिए जा रहे हैं। सेहत विभाग से डॉ. सुमित सिंह ने बताया कि पुस्तक विक्रेता केएल बंसल की हालत फिलहाल स्थिर है।

जिला मोहाली में दो दिन की राहत के बाद नयागांव का व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव

करीब दो दिन की राहत के बाद  शुक्रवार को जिले में एक नया कोरोना पॉजिटिव केस सामने आया है। पीड़ित नयागांव का रहने वाला है और वह पीजीआई चंडीगढ़ में एक वार्ड में का काम करता है। यह मामला सामने आने के बाद सेहत विभाग हरकत में आ गया है। इस संबंधी सेहत विभाग ने कहा है कि अब पीड़ित के संपर्क में आए लोगों की पहचान करके जांच की जाएगी। इसके साथ ही पूरे इलाके को सील कर दिया जाएगा।

सिविल सर्जन ने युवक के कोरोना पीड़ित होने की पुष्टि करते हुए बताया कि अब जिले में कोरोना पीड़ितों की संख्या 57 पहुंच गई है। इसमें दो लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 6 लोग स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। मिली जानकारी के मुताबिक कोरोना पॉजिटिव आया नयागांव का 30 वर्षीय युवक पीजीआई के कम्युनिकेवल डिजीज वार्ड में काम करता था।

सूत्रों से पता चला था कि कुछ दिन से उसकी तबीयत ठीक नहीं थी। जिसके बाद उसने खुद ही अपनी जांच करवाई थी। इसके बाद वह पॉजीटिव आया है। उन्होंने बताया कि पीजीआई के जिस वार्ड में काम करता था। उसके सपंर्क में आए लोगों को ट्रेस किया जा रहा है। इसके साथ ही बड़े स्तर पर सैंपल लिए जाएंगे ताकि कोरोना को मात दी जा सके।

नयागांव में हो चुकी बुजुर्ग की मौत
बता दें कि इससे पहले नयागांव में कोरोना पीडित 65 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो चुकी है। वह बुजुर्ग पंजाब पुलिस से रिटायर्ड था। जिसके बाद उसका संस्कार मोहाली में किया गया था। दूसरी तरफ कोरोना हॉटस्पॉट जवाहरपुर से कोई नया केस सामने नहीं आया है। अभी तक जवाहपुर और उसके साथ लगते तीनों गांवों पूरी तरह से सील हैं। इन गांवों में किसी भी बाहरी को जाने की अनुमति नहीं है। यहां तक कि जरूरी सामान भी गांव में सैनिटाइज करके ही भेजा जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed