दिग्गजों पर लाखों का कर्ज: राणा गुरजीत पर सबसे अधिक, सीएम चन्नी व सुखबीर भी बकायेदार, प्रकाश सिंह बादल और सिद्धू पर कोई कर्ज नहीं
पंजाब विधानसभा चुनाव में सभी दलों ने दिग्गजों की फौज उतार दी है। इस बार करोड़पति प्रत्याशियों की संख्या भी काफी है। मगर कई दलों के दिग्गज नेताओं पर लाखों रुपये का कर्ज भी है। इसका खुलासा उनके नामांकन पत्र से हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
साल दर साल प्रत्येक चुनाव के बाद आम लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार नहीं हो रहा। वहीं सियासी दलों के नेताओं की आय और संपत्ति में कई गुना का इजाफा आम लोगों को हमेशा अखरता रहा है। पंजाब विधानसभा चुनाव में भी सियासी दलों के 521 से ज्यादा करोड़पति प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। वहीं अचल संपत्ति के मामले में भी सभी पारंपरिक दलों के 50 फीसदी से ज्यादा नेता सैकड़ों करोड़ की कृषि, गैर-कृषि, वाणिज्यिक और आवासीय संपत्ति के मालिक हैं लेकिन इसके साथ ही इन करोड़पति प्रत्याशियों की वित्तीय देनदारियां भी लाखों-करोड़ों रुपये की हैं।
अधिकांश नेताओं ने बैंकों से लोन लिए हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राणा गुरजीत सिंह की देनदारियां सबसे अधिक 5638.56 लाख रुपये की है। दूसरे नंबर पर अकाली दल के बिक्रम सिंह मजीठिया हैं, जिनकी देनदारी 66.83 लाख और तीसरे नंबर पर सुखबीर सिंह बादल हैं, जिनकी देनदारी 64.82 लाख रुपये से अधिक है। कांग्रेस के सीएम फेस चरणजीत सिंह चन्नी पर 63.29 लाख का बैंक लोन हैं। यह देनदारी केवल प्रत्याशी की है, जबकि उनके परिवार के किसी अन्य सदस्य की देनदारी को इसमें शामिल नहीं किया गया है।
किसके ऊपर कितनी देनदारियां
कांग्रेस के राणा गुरजीत सिंह की देनदारी सबसे ज्यादा है, जो कपूरथला सीट से मैदान में हैं। उनके एफिडेविट के अनुसार, बैंक लोन व अन्य वित्तीय संस्थाओं की देनदारी 4588.21 लाख रुपये और आयकर समेत सरकारी देनदारी 1050.35 लाख रुपये की है। राणा गुरजीत की चल संपत्ति 3254.98 लाख और अचल संपत्ति 4885.16 लाख की है, जिसमें 630.18 लाख की संपत्ति पैतृक है। राणा गुरजीत के पास 35.42 लाख की एक लैंड क्रूजर गाड़ी है और 42.94 लाख के गहने हैं।
- अमृतसर पूर्व सीट से ही शिअद के बिक्रम सिंह मजीठिया पर 6683660 रुपये की बैंक देनदारियां हैं
- जलालाबाद सीट से चुनाव लड़ रहे शिअद के प्रधान सुखबीर बादल की देनदारी 648289519 रुपये की है
- चमकौर साहिब और भदौड़ से कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी पर बैंक लोन की 6329912 रुपये की देनदारी है
- पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह पर भी बैंकों की 2453369 रुपये की देनदारी है
- डेरा बाबा नानक सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा पर बैंक व अन्य वित्तीय संस्थानों का 1593063 रुपये बकाया है
प्रकाश सिंह बादल और नवजोत सिद्धू पर कोई कर्ज नहीं
- शिअद के संरक्षक और सूबे के पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल, जो लंबी से चुनाव मैदान में हैं, उनके नाम कोई देनदारी नहीं है
- अमृतसर पूर्व सीट से कांग्रेस प्रत्याशी नवजोत सिंह सिद्धू पर भी देनदारी नहीं है
- खडूर साहिब सीट से अकाली नेता रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा पर कोई देनदारी नहीं है