सैलजा का हुड्डा पर निशाना: कहा- पार्टी सभी की, किसी को ओहदा मिल जाए तो उसे घर की संपत्ति नहीं समझना चाहिए
कुमारी सैलजा ने कहा कि उनकी यात्रा में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला और किरण चौधरी समेत अन्य नेता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी यात्रा का न्योता दिया जाएगा। यात्रा का मकसद कांग्रेस को मजबूत करना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने एक बार फिर प्रदेश के पूर्व सीएम व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधा है। सैलजा ने कहा कि पार्टी सभी की होती है। अगर किसी को कोई ओहदा मिल जाए तो उसे अपनी निजी संपत्ति नहीं समझना चाहिए।
सोमवार को नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में सैलजा ने कहा कि उनकी कांग्रेस संदेश यात्रा 15 जनवरी के आसपास शुरू होगी। यह यात्रा सभी 10 लोकसभा में पहुंचेंगी। इस यात्रा के माध्यम से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी का संदेश जन जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए तमाम तैयारियां की जा रही हैं, जल्द ही इसका शेड्यूल जारी किया जाएगा।
एक सवाल के जवाब में सैलजा ने कहा कि उनकी यात्रा में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला और किरण चौधरी समेत अन्य नेता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी यात्रा का न्योता दिया जाएगा। यात्रा का मकसद कांग्रेस को मजबूत करना है। इंडिया महागठबंधन के सवाल पर सैलजा ने कहा कि सीट शेयरिंग के लिए एक कमेटी बन चुकी है। कमेटी ही सभी दलों के लिए सीटें तय करेगी। कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि जब तक मिलकर नहीं चलेंगे, फायदा नहीं नुकसान होता रहेगा।
एक-दूसरे को ताकत दिखा रहे कांग्रेसी
कांग्रेस का हुड्डा ग्रुप अलग से विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम चला रहा है। इसमें अधिकतर हुड्डा गुट के ही नेता और समर्थक शामिल होते हैं। जबकि कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला और किरण चौधरी ने इन कार्यक्रमों से किनारा कर रखा है। दरअसल, किरण चौधरी को छोड़कर दोनों नेताओं के पास दूसरे राज्यों के प्रभार हैं, इसलिए वह हरियाणा में कम समय दे पाते हैं। अपने समर्थकों में उत्साह जगाने के लिए और प्रदेश में अपनी मजबूती दिखाने के लिए तीनों नेताओं ने यात्रा की योजना बनाई है।