हरियाणा दिवस पर मिल सकती है केएमपी की सौगात, दिल्ली के जाम में आएगी कमी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को जाम से बचाने के लिए साल 2003 में शुरू किया गया कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे का कार्य करीब 16 साल में पूरा हो गया है। 1680 करोड़ रुपये से बने केएमपी के उद्घाटन के लिए एचएसआईआईडीसी ने सरकार को चिट्ठी लिख दी है। उम्मीद है कि एक नवंबर हरियाणा दिवस पर इसे जनता को सौंपा जा सकता है।
135.6 किमी लंबे एक्सप्रेस-वे पर 50 बड़े फ्लाईओवर और 75 छोटे पुल बनाए गए हैं। चार रेलवे ओवरब्रिज भी बने हैं। एक्सप्रेस-वे सोनीपत के कुंडली से शुरू होकर दिल्ली के चक्कर लगाते हुए खरखौदा, बहादुरगढ़, मानेसर और सोहना से होते हुए पलवल में खत्म होता है।
चौटाला ने 2003 में रखी थी नींव
केएमपी का पत्थर 2003 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ओपी चौटाला ने रखा था। इस पर काम साल 2006 में शुरू किया गया। तब तय किया गया था कि चार साल में एक्सप्रेस वे बनकर तैयार हो जाएगा, लेकिन बीच में काम रोक दिया गया।
पीएम ने 2015 में फिर किया शिलान्यास
साल 2015 में पीएम नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर शिलान्यास किया। सितंबर 2018 में एक्सप्रेस वे बनकर तैयार है। इस तरह करीब 16 साल में यह एक्सप्रेस वे बनकर तैयार हुआ है।
दिल्ली के साथ ही हरियाणा को होगा फायदा
प्रदूषण और ट्रैफिक जाम से जूझती दिल्ली के लिए केएमपी भी केजीपी की तरह फायदेमंद साबित हो सकता है। दिल्ली से गुजरकर दूसरे राज्यों में जाने वाले ट्रक और बसों को अंदर नहीं जाना पड़ेगा। एक्सप्रेस वे पर मोड़ कम होने के कारण वाहन कुंडली से मानेसर होते हुए पलवल तक फर्राटा भर सकते हैं। इससे महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान, बंगाल, यूपी, पंजाब और जम्मू के ट्रैफिक पर असर पड़ेगा। हरियाणा के लिए एक्सप्रेस वे फायदे वाला साबित हो सकता है। जिन शहरों से होकर वाहन पलवल तक पहुंचते थे, उनका ट्रैफिक कम हो जाएगा।
सांसद पहुंचे निरीक्षण करने
केएमपी का काम पूरा होने के बाद सांसद रमेश कौशिक ने निरीक्षण किया। उन्होंने कुंडली से लेकर टोल प्लाजा तक का काम जांचा। उम्मीद जताई जा रही है कि एक नवंबर को हरियाणा दिवस पर इसका उद्घाटन हो सकता है। पहले 2 अक्तूबर को उद्घाटन करने की बात कही जा रही थी।
वाहन गुजरने लगे तो मिट्टी डालकर रोके
केएमपी का काम पूरा होते ही उस पर से वाहन गुजरने लगे। इसके बाद एचएसआईआईडीसी ने उस पर कई जगह मिट्टी के ढेर लगाकर वाहनों का आवागमन रोक दिया। उद्घाटन के बाद ही आम लोगों के लिए खोला जाएगा।
केएमपी एक्सप्रेस वे का काम पूरा हो गया है। बोर्ड लगाने और एनएच के गोल चक्कर पर रैंप लगाने का काम बाकी था, जिसे तकरीबन पूरा कर लिया गया है। सरकार को पत्र लिखा गया है कि वह इसका उद्घाटन करा सकती है। -जगभूषण, सीनियर मैनेजर एचएसआईआईडीसी।