Chandigarh: जतिंदर मल्होत्रा बने चंडीगढ़ भाजपा के प्रधान, राष्ट्रीय परिषद सदस्य चुने गए संजय टंडन
भाजपा के चल रहे संगठनात्मक चुनावों के हिस्से के रूप में बुधवार को सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के पदों के लिए नामांकन भरे गए। दोपहर 12 बजे तक केवल जेपी मल्होत्रा ने ही नामांकन भरा था जिसके चलते उनका अध्यक्ष चुना जाना तय था।
विस्तार
सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई। जम्मू-कश्मीर के विधायक और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. नरिंदर सिंह रैना ने रिटर्निंग अधिकारी के रूप में अपनी भूमिका निभाई, जबकि पंजाब के विधायक अश्वनी शर्मा को चंडीगढ़ संगठन पर्व के लिए राष्ट्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष के लिए नामांकन हुए, जिसमें सिर्फ मल्होत्रा ने ही नामांकन भरा था, इसलिए तभी तय हो गया था वही दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे। वीरवार को सिर्फ औपचारिक घोषणा की गई। चुनाव के बाद आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जतिंदर पाल मल्होत्रा को उनकी नियुक्ति पर बधाई दी। इसके बाद पार्टी कार्यालय से एक रोड शो भी निकला, जिसमें कई पदाधिकारी और पार्षद शामिल रहे। इस दौरान ढोल बजते रहे और सड़कों पर आतिशबाजी भी की गई।
मल्होत्रा ने कहा कि पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी एक सम्मान है। उनका लक्ष्य पार्टी की नीतियों को हर घर तक पहुंचाना और चंडीगढ़ की जनता की सेवा में अपना सर्वश्रेष्ठ देना है। उन्होंने कहा कि अनुशासन बहुत जरूरी है। कार्यक्रम में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
आगामी चुनौतियों के लिए पार्टी को कर रहे तैयारः डॉ. नरिंदर सिंह रैना
कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ में भाजपा की लगातार बढ़ती लोकप्रियता कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की ताकत का परिणाम है। डॉ. नरिंदर सिंह रैना ने कहा कि यह चुनाव संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी चुनौतियों के लिए पार्टी को तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी की आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा की गई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता संजय टंडन को राष्ट्रीय परिषद सदस्य के रूप में चुना गया है। उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय परिषद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। उनके साथ दूसरी सदस्य शहर की पूर्व सांसद किरण खेर होंगी। यह मिलकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में वोट डालेंगे।