कपूरथला में भी होगी सैन्य बलों की भर्ती, चयन केंद्र खुला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब पंजाब की धरती से सैन्य अधिकारी निकलेंगे। कपूरथला में भारतीय सेना के चौथे चयन केंद्र का शुभारंभ एक जुलाई से होगा। इसमें पंजाबियों के अलावा उत्तर भारत के अन्य राज्यों से एनडीए पास करने वाले चयनित कैंडिडेट का साक्षात्कार होगा।
फिलहाल यह केंद्र अस्थायी तौर पर चलेगा। केंद्र का शुभारंभ एक जुलाई को महानिदेशक भर्ती एवीएसएम-एसएम लेफ्टिनेंट जनरल आरएन नैयर करेंगे। समारोह सुबह दस बजे शुरू होगा।
हेडक्वार्टर 11 कॉर्प्स जालंधर के जनसंपर्क अधिकारी (डिफेंस) नरेश विज ने बताया कि यह केंद्र कपूरथला-जालंधर मार्ग पर गुरु नानक स्टेडियम के पास आर्मी स्कूल के साथ सटे आर्मी परिसर में स्थापित किया गया है।
स्थायी रूप से रोपड़ में स्थापित किया जाएगा
केंद्र स्थायी तौर पर रोपड़ में स्थापित होगा, लेकिन जब तक वहां सभी संसाधन पूरे नहीं हो जाते तब तक केंद्र कपूरथला में चलेगा। पहले यूपी के इलाहाबाद, एमपी के भोपाल और कर्नाटक के बंगलुरू में सर्विस सेलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) चल रहे हैं। भारत का चौथा चयन केंद्र कपूरथला में स्थापित हुआ है।
यह पंजाब का पहला केंद्र है। इसके अधीन दो सर्विस सेलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) होंगे, जिन्हें रोपड़ में स्थापित किया जाएगा। कपूरथला में स्थापित चयन केंद्र अस्थायी है, पर यह केंद्र यहां पर पांच-छह साल कार्य करेगा।
केंद्र में पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तरप्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली और हरियाणा के युवाओं का चयन किया जाएगा।
पंजाब सरकार ने इस केंद्र को स्थापित करने में बहुत सहयोग दिया है ताकि उत्तर क्षेत्र के युवाओं को सैन्य बलों में भर्ती होने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।