हरियाणा: 10 जिलों में अधिक तो 11 में सामान्य से कम बारिश, छह डिग्री तापमान गिरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में चौथे दिन भी कई जिलों में सावन की झड़ी लगी रही। इससे प्रदेश की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ है। अब 10 जिलों में सरप्लस तो 11 जिलों में सामान्य से कम बारिश है। अच्छी बारिश होने से उमस भरी गर्मी से निजात मिल गई। वहीं किसानों ने भी राहत की सांस ली है। अधिकतम तापमान सामान्य से 6 से 7 डिग्री सेल्सियस लुढ़क कर 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
प्रदेश में बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 18.9 एमएम बारिश हुई। सर्वाधिक बारिश करनाल में 60.8 एमएम हुई। वहीं ब्लॉकों में सबसे अधिक इंद्री में 110 एमएम बारिश दर्ज की गई। गुरुग्राम में तेज बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। शहर के सभी बरसाती नाले और सीवर ओवरफ्लो होकर उफनने लगे। सेक्टर व कॉलोनियों की गलियां भी पानी से लबालब भरी नजर आईं। प्रदेश के अधिकांश जिलों का ऐसा ही हाल रहा।
अब आगे ऐसा रहेगा मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ के अनुसार मानसूनी हवाओं में सक्रियता कम हो जाने से 25 जुलाई तक उत्तरी हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश होगी। पश्चिमी व दक्षिण क्षेत्र में हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान तापमान बढ़ेगा।
किसानों को सलाह
नरमा, कपास, बाजरा, ग्वार, मूंग आदि खरीफ फसलों व सब्जियों में बारिश का पानी ज्यादा देर तक जमा न रहने दें। कपास की फसल में कीटों व रोगों का प्रकोप हो सकता है।
प्रदेश में अब तक 179.3 एमएम बारिश
हरियाणा में पिछले चार दिनों से मानसून सक्रिय होने से सरप्लस बारिश हो गई है। एक जून से 22 जुलाई (सुबह 8.30 बजे तक) तक प्रदेश में 179.3 एमएम बारिश हो चुकी है। इस अवधि में 156.4 एमएम सामान्य बारिश होती है। इस तरह प्रदेश में 15 फीसदी अधिक बारिश हो गई है। प्रदेश में मानसून सीजन में 410 एमएम औसत बारिश होती है। कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र और सिरसा में सर्वाधिक तथा अंबाला, महेंद्रगढ़, मेवात, पलवल, रेवाड़ी व रोहतक में अब तक कम बारिश हुई है।
- जिला बारिश (एमएम)
- करनाल 60.8
- कैथल 49.0
- फरीदाबाद 33.6
- यमुनानगर 32.0
- कुरुक्षेत्र 29.7
- जींद 23.14
- फतेहाबाद 21.3
- गुरुग्राम 19.3
- झज्जर 16.8
- पलवल 16.8
- भिवानी 16.7
- पानीपत 16.0
- सिरसा 14.0
- हिसार 11.4
- अंबाला 9.0
- ब्लॉक बारिश (एमएम)
- इंद्री 110
- नीलोखेड़ी 90
- जगाधरी 80
- कैथल 70
- करनाल 70
- भिवानी 50
- जुलाना 42
- टोहाना 40
- नरवाना 34
- उचाना 31
- बहादुरगढ़ 30
- जींद 28
ग्रुरुग्राम : नागरिक अस्पताल के बेसमेंट में भरा पानी
बारिश से नागरिक अस्पताल के बेसमेंट में सबसे ज्यादा जलभराव हुआ। स्थिति यह रही कि जलभराव के चलते अस्पताल के बेसमेंट में संचालित जन्म मृत्यु पंजीकरण विभाग, फिजियोथैरेपी व बाल मनोरोग विभाग समेत अन्य सभी विभागों को बंद करना पड़ा।