हरियाणा: दुबई में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स ग्रोथ सम्मिट में हिस्सा लेंगे गृहमंत्री अनिल विज, निवेश होगी प्राथमिकता
‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स ग्रोथ सम्मिट' 26 मार्च से 28 मार्च के बीच आयोजित होगा। इसमें दुनियाभर के कॉरपोरेट जगत के दिग्गज व उद्यमी हिस्सा लेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज आगामी 26 मार्च से 28 मार्च के बीच दुबई में आयोजित होने वाले ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स ग्रोथ सम्मिट’ में हिस्सा लेंगे। इस सम्मिट में हिस्सा लेने के लिए उन्हें संयुक्त अरब अमीरात के शाही परिवार के सदस्य महामान्य (हिज हाईनेस) शेख माजिद राशिद अल मौला ने आमंत्रित किया है।
शेख माजिद राशिद अल मौला की कंपनी मैजिस्टिक इंवेस्टमेंट एंड चैंपियंस ग्रुप द्वारा यह सम्मिट आयोजित किया जा रहा है। इसमें दुनियाभर के कॉरपोरेट जगत के दिग्गज व उद्यमी हिस्सा लेंगे। इस सम्मिट में 100 से ज्यादा तेजी से बढ़ती हुई कंपनियों और अरबों डॉलर की कंपनियों के दिग्गज व मुख्य कार्यकारी अधिकारी भाग लेंगे।
इसके अलावा, इस सम्मिट में 100 से ज्यादा प्रमुख कंपनी के बायर्स (खरीददार) और निर्णयकर्ता (डिसिजन मेकर्स) भी भाग लेंगे। इस सम्मिट में उभरती हुई शिखर स्टार्टअप कंपनियां और प्रबंधन के तहत 5 खरब डॉलर की कंपनियों के दिग्गज हिस्सा लेंगे।
विज ने बताया कि इस सम्मिट में तेजी से बढ़ती कंपनियां, हेल्थ केयर एंड फार्मा, रियल एस्टेट व डेवलेपर्स, मैन्युफैक्चरिंग, टेक्नोलॉजी, पर्यटन व सत्कार तथा शिक्षा के क्षेत्र के प्रमुख भी भाग लेंगे। साथ ही ग्लोबल नेटवर्किंग सम्मिट एवं ग्रोथ एनेवलिंग कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की जाएगी।
विज ने कहा कि सम्मिट के माध्यम से हरियाणा में निवेश के लिए बिजनेस टायकून व कारपोरेट कंपनियों के दिग्गजों को आमंत्रित किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा की नागरिक उड्डयन नीतियों की चर्चा : चौटाला
हरियाणा में आधुनिक प्रौद्योगिकी के युग में निवेश और रोजगार के लिए बड़ा द्वार खुलने जा रहा है। नागरिक उड्डयन क्षेत्र तरक्की की नई उड़ान भरने को तैयार है। आज हरियाणा की नागरिक उड्डयन नीतियों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा है। विदेशी निवेशक हमारी नीतियों से खासा प्रभावित हैं।
ये बातें उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को हैदराबाद में आयोजित ‘विंग्स इंडिया-2022 इंटरनेशनल’ वार्ता में हिस्सा लेने के कहीं। दुष्यंत ने बताया कि उन्होंने हैदराबाद में एशिया की सबसे बड़ी नागरिक उड्डयन ‘विंग्स इंडिया-2022 इंटरनेशनल’ वार्ता में भाग लिया। इसमें अंतरराष्ट्रीय निवेशकों ने हरियाणा में व्यावसायिक उड्डयन के क्षेत्र में रुचि दिखाई है।
वार्ता में जब उनको हरियाणा की नागरिक उड्डयन योजनाओं से अवगत करवाया गया, तो वे काफी उत्साहित दिखे। सरकार ने नागरिक उड्डयन विभाग के बजट में 380 प्रतिशत बढ़ोतरी की है ताकि इससे जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट सिरे चढ़ें। सरकार जल्द एयरोस्पेस एंड डिफेंस पॉलिसी लेकर आ रही है।
बंडारू ने हरियाणा पैवेलियन को लेकर दुष्यंत से बात की
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने शुक्रवार को हैदराबाद बेगमपेट एयरपोर्ट पर आयोजित चार दिवसीय विंग्स इंडिया 2022 वार्ता में हरियाणा पैवेलियन का दौरा किया। उन्होंने पैवेलियन में नागरिक उड्डयन मंत्री दुष्यंत चौटाला से बातचीत की और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के समीप होने से हरियाणा में नागरिक उड्डयन सेवाओं की बेहतर संभावनाएं है।
गुरुग्राम और हिसार में नागरिक उड्डयन सेवाएं शुरू होने से प्रदेश में औद्योगिक, व्यापारिक विकास होगा और पूंजी निवेश बढ़ेगा। साथ ही पायलट ट्रेनिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे प्रदेश ही नहीं बल्कि अन्य प्रदेशों के युवा पायलट बन सकेंगे।