लॉन्च हुआ नया एप, छात्रों की ऑनलाइन लगेगी हाजिरी, फीस का भी हो सकेगा भुगतान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब कॉलेज छात्र अपनी हाजिरी ऑनलाइन भरेंगे। खास बात ये है कि वो अपनी फीस का भुगतान भी इसी एप के जरिए कर सकते हैं। एप में छात्रों और शिक्षकों से जुड़े रिकॉर्ड भी ऑनलाइन होंगे। इस एप की शुरूआत हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग ने की।
उच्चतर शिक्षा विभाग का ‘शिक्षा सेतु’ मोबाइल एप शुरू होते ही छात्रों और शिक्षकों से जुड़ा पूरा रिकार्ड व गतिविधियां ऑनलाइन हो गई हैं। अब प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में विद्यार्थियों की हाजिरी, फीस, ऑनलाइन एडमिशन, स्कॉलरशिप के अलावा लेक्चरर एवं निदेशालय के अधिकारियों का विवरण ऑनलाइन मिलेगा।
उच्चतर शिक्षा विभाग के निदेशक ए श्रीनिवास ने बताया कि ‘शिक्षा सेतु’ मोबाइल एप शुरू करने से जहां विभाग व कॉलेज प्रशासन में पारदर्शिता आएगी, वहीं विद्यार्थियों, अभिभावकों, अध्यापकों एवं प्रशासन के मध्य संपर्क बेहतर होगा। अब विद्यार्थियों की हाजिरी भी ऑनलाइन लगेगी, जिसमें केवल 15 दिनों के भीतर अपडेट संभव है। एप के माध्यम से अब विद्यार्थियों और अध्यापकों को विभाग के आवश्यक नोटिस, सर्कुलर एवं अन्य कार्यक्रमों की जानकारी तत्काल मिलेगी।
विभाग की इस शुरुआत से जहां विद्यार्थी ऑनलाइन फीस भर सकता है, वहीं एक क्लिक से कॉलेज प्रशासन यह पता कर सकेगा कि किस विद्यार्थी की फीस बकाया है और अब तक कुल कितनी फीस एकत्रित हो चुकी है। श्रीनिवास ने बताया कि एप के जरिए एडमिशन के समय विद्यार्थी यह पता कर सकेंगे कि किस कॉलेज में कौन से विषय या कोर्स की कितनी सीटें हैं।
पहले जो विद्यार्थी जानकारी के अभाव में स्कॅालरशिप प्राप्त करने से वंचित रह जाते थे, ‘शिक्षा सेतु’ मोबाइल एप के माध्यम से विभाग या कॉलेज द्वारा दी जाने वाली सभी स्कॉलरशिप का विवरण व योग्यता की शर्तें घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे। असाइनमेंट व नोटिफिकेशन की जानकारी भी तुरंत मिल सकेगी। उन्होंने सभी सरकारी कॉलेजों के प्रिंसिपलों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने कॉलेज के अध्यापकों व विद्यार्थियों को यह मोबाइल एप डाउनलोड और प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें।