{"_id":"50bdd6c7e8132b4d621a9a66e44d4ba8","slug":"haryana-government-admitted-hcs-selections-are-something-wrong-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"सरकार ने माना, HCS भर्तियों में गड़बड़ी हुई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सरकार ने माना, HCS भर्तियों में गड़बड़ी हुई
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
Updated Thu, 18 Dec 2014 03:09 PM IST
विज्ञापन
हरियाणा सरकार ने चौटाला शासनकाल में हुई 65 एचसीएस अधिकारियों की भर्ती में गड़बड़ी की बात स्वीकार कर ली है। हालांकि, सरकार किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है कि इस मामले में क्या किया जाना है।
विज्ञापन
हाईकोर्ट ने सरकार के इस रवैये को गंभीरता से लिया है। अब वीरवार को बेंच सभी वादी व प्रतिवादियों का पक्ष सुनेगी।
जस्टिस राजीव भल्ला व जस्टिस बीएस वालिया की डिवीजन बेंच के निर्देश के मुताबिक याचिकाकर्ता के वकील कमलजीत सिंह ने 195 उम्मीदवारों के अंकों की सूची पेश की। बेंच ने एचपीएससी से पूछा कि क्या आयोग के सभी सदस्यों की ओर से इंटरव्यू में उम्मीदवारों को अलग-अलग अंक देने का प्रावधान था या साझा अंक दिए जाने थे।
विज्ञापन
बेंच ने आयोग से यह इस कारण पूछा है, क्योंकि अंकों की लिखावट एक है, लेकिन इन अंकों के आगे हस्ताक्षर भिन्न-भिन्न हैं। इसी बीच सरकार से पूछा गया कि सरकार किस नतीजे पर पहुंची है। सरकारी वकील ने कहा कि भर्ती में गड़बड़ी हुई है, लेकिन इस मामले में क्या किया जाना है, इस बारे में बेंच के सवाल का जवाब सरकारी वकील नहीं दे पाए। उल्लेखनीय है कि बेंच कह चुकी है कि नौ साल तक जांच लंबित रखना अपने आप में घोटाला है।
विज्ञापन
बेंच ने इस मामले के सभी याचिकाकर्ता एवं प्रतिवादियों को वीरवार को अपना पक्ष रखने को कहा है। मंगलवार को सरकार ने एसआईटी की अब तक की जांच रिपोर्ट भी सीलबंद लिफाफे में पेश की थी।
बेंच ने रिपोर्ट खोली, लेकिन साथ ही टिप्पणी की थी कि इसमें केवल प्रकरण और अनियमितताओं की प्रक्रिया का उल्लेख है, लेकिन एसआईटी किस नतीजे पर पहुंची, यह नहीं बताया गया। बेंच ने इंटरव्यू की अंकतालिका भी पढ़ी और एचपीएससी के वकील से सवाल पूछा था कि इस पर आयोग चेयरमैन के हस्ताक्षर क्यों नहीं हैं।