हरियाणा: सीएम मनोहर लाल कोरोना पॉजिटिव, विधानसभा स्पीकर, इंद्री और रतिया विधायक भी संक्रमित
- अंबाला शहर के विधायक भी हो चुके हैं पॉजिटिव, पानीपत ग्रामीण के विधायक की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव
- एमएलए हॉस्टल के तीन कर्मचारी निकले संक्रमित, विधायकों की टेस्ट रिपोर्ट आना शुरू, 26 अगस्त से शुरू होगा विधानसभा सत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र से पहले कोरोना टेस्ट की जांच रिपोर्ट चौंकाने वाली आई हैं। सीएम, विधानसभा स्पीकर, इंद्री व रतिया के भाजपा विधायक की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एमएलए हॉस्टल-सेक्टर- 3 के तीन कर्मचारी भी संक्रमित पाए गए हैं।
यह पहला मौका होगा जब बिना सीएम, स्पीकर के सदन की कार्यवाही चलेगी। 26 अगस्त से शुरू हो रहे मानसून सत्र से पहले विधानसभा अध्यक्ष व सरकार ने स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर सभी विधायकों, अधिकारियों व कर्मचारियों के कोरोना टेस्ट कराने का फैसला लिया था।
सीएम मनोहर लाल ने सोमवार सुबह ही अपना कोरोना टेस्ट कराया था। पंचकूला की कोविड लैब में इसकी जांच हुई। शाम को रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर सीएम ने ट्वीट कर खुद के संक्रमित होने की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बीते सप्ताह तक संपर्क में आए सहयोगियों, नेताओं व अफसरों को टेस्ट कराने व खुद को सख्ती से गृह संगरोध में रखने के लिए कहा है।
स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने रविवार को अपना टेस्ट कराया था, जिसकी रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आई। इसके अलावा इंद्री से विधायक राम कुमार कश्यप और रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा भी संक्रमित निकले हैं। सीएम, गुप्ता व कश्यप सत्र में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। स्पीकर फिलहाल गृह संगरोध (होम क्वारंटीन) में रहेंगे। उनका जल्दी दूसरा टेस्ट हो सकता है।
स्पीकर के पीए, भांजे और छह विधानसभा कर्मी भी निकले थे संक्रमित
रविवार को स्पीकर के पीए एवं भांजे समेत छह विधानसभा कर्मचारियों भी कोरोना पॉजिटिव निकले थे। अभी तक 330 कर्मचारियों ने कोरोना टेस्ट कराया है। अधिकांश विधायक अपनी जांच करा चुके हैं। जिसकी रिपोर्ट आना शुरू हो गई हैं। सोमवार को एमएलए हॉस्टल के स्वीपर, तंदूर पर काम करने वाला कर्मचारी व रूम अटेंडेंट भी पॉजिटिव आया है।
इससे पहले अंबाला शहर के विधायक असीम गोयल व पानीपत ग्रामीण के विधायक महिपाल ढांडा पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। हालांकि, महिपाल की दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। कुरुक्षेत्र सांसद नायब सिंह सैनी भी संक्रमित पाए जा चुके हैं। सदन के नेता की भूमिका कौन निभाएगा, यह जल्दी भाजपा सरकार तय कर लेगी।
डिप्टी स्पीकर चलाएंगे सदन की कार्यवाही
संविधान के अनुच्छेद-180 (2) के तहत स्पीकर की सभी पावर डिप्टी स्पीकर को सौंप दी गई हैं। डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव है, इसलिए वह मानसून सत्र की कार्यवाही की अध्यक्षता करेंगे। विधानसभा सचिव आरके नांदल ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। सभी फाइल व दस्तावेज उनकी मंजूरी से ही सदन पटल पर रखी जाएगी।