Haryana News: गैंगस्टर, तस्कर और आतंकियों की कमर तोड़ेगी सरकार, बैठक में एक्शन प्लान तैयार
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि पुलिस को बिना किसी दबाव के केवल बदमाशों के खिलाफ एक्शन ले, ताकि बदमाशों में पुलिस का खौफ हो और जनता में पुलिस के प्रति मजबूत विश्वास पैदा हो सके।
विस्तार
हरियाणा में गैंगस्टर, तस्करों और आतंकवादियों की कमर तोड़ने के लिए हरियाणा सरकार ने तैयारी कर ली है। खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मोर्चा संभाला है। गुरुवार को पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित पुलिस मुख्यालय में मुख्यमंत्री ने दो घंटे तक पुलिस के उच्च अधिकारियों के साथ मंथन कर अपराधियों के खिलाफ एक्शन प्लान तैयार किया है।
प्रदेश से अपराधियों के सफाए के लिए चरणबद्ध तरीके से ऑपरेशन चलाए जाएंगे। बैठक में प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज, डीजीपी पीके अग्रवाल, सीईडी चीफ आलोक मित्तल, एडीजीपी ओपी सिंह, एडीजीपी संदीप खिरवार समेत फील्ड के आईजी मौजूद रहे।
दोपहर तीन बजे से शुरू हुई बैठक में सबसे पहले मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बढ़ते अपराध, गैंगस्टरों द्वारा फोन कॉल करके रंगदारी मांगने और नशा और अवैध हथियारों की तस्करी के मामलों पर चिंता जाहिर की। एनसीआरबी की रिपोर्ट पर सीएम ने अधिकारियों से जवाब तलब किया। दो घंटे तक चली बैठक में प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति और अपराध पर नियंत्रण लगाने समेत तमाम मुद्दों की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि प्रदेश में आपराधिक गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने डीजीपी को संगठित अपराध के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया और कहा कि प्रदेश में लोगों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। इसलिए गैंगस्टरों, बदमाशों और नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी रणनीति तैयार के तहत काम करें।
मनोहर लाल ने कहा कि पुलिस को बिना किसी दबाव के केवल बदमाशों के खिलाफ एक्शन ले, ताकि बदमाशों में पुलिस का खौफ हो और जनता में पुलिस के प्रति मजबूत विश्वास पैदा हो सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष नजर रखने और इस संबंध में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
अपराधियों पर नकेल के लिए फील्ड में उतारें पुलिस
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ रोकने के लिए फील्ड में अधिकतम पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। मोस्ट वांटेड अपराधियों, उद्घोषित अपराधियों और बेल जंपर्स की गिरफ्तारी के साथ-साथ अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाए ताकि राज्य में अपराध दर को और कम किया जा सके। मुख्यमंत्री ने माना है कि पुलिस द्वारा चलाए गए आक्रमण ऑपेरशनों में काफी संख्या में अवैध हथियार बरामद हुए हैं।
पुलिस के साइबर तंत्र को और मजबूत बनाने के निर्देश
बैठक में प्रदेश में बढ़ रहे साइबर अपराध का मुद्दा भी उठा। मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर क्राइम की शिकायतें सामने आ रही हैं। अपराधियों ने भी अपने मोडस ऑपरेंडी साइबर दुनिया के अनुरूप बना ली हैं। उन्होंने डीजीपी को आदेश दिया कि पुलिस के साइबर तंत्र को और अधिक मजबूत बनाएं ताकि साइबर अपराध पर अंकुश लगाया जा सके। साथ ही साइबर अपराध को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस तंत्र को और मजबूत करने के लिए नए जवानों की भर्ती से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत किया जाएगा।
अपराधियों के लिए हरियाणा में कोई जगह नहीं: विज
गृहमंत्री अनिल विज ने पुलिस अधिकारियों से बैठक में दिए गए निर्देश का पालन सुनिश्चित करने को कहा ताकि प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति और मजबूत हो सके। विज ने कहा कि हरियाणा में बदमाशों के लिए कोई जगह नहीं है, या तो वह सुधर जाएं या फिर प्रदेश छोड़ दें। बदमाशों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है और आगे भी इसे और मजबूती से चलाया जाएगा।