हरियाणा बजट सत्रः शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भरे जाएंगे 16595 पद, यहां बसेगा नया शहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा रोजगार विभाग के कर्मचारियों पर आरटीआई में गलत सूचना देने की गाज गिर गई है। विभाग के कर्मियों ने आरटीआई के जवाब में बेरोजगारों के पंजीकरण और रोजगार का आंकड़ा जिला अनुसार गलत दे दिया था। जिसके संज्ञान में आने पर सरकार ने कार्रवाई अमल में लाई है। श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रश्नकाल के दौरान यह जानकारी दी।
वह कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी के सवाल का जवाब दे रहे थे। किरण ने रोजगार व बेरोजगारों के पंजीकरण पर सवाल उठाए तो सैनी ने कहा कि सरकार ने अपने साढ़े चार साल के दौरान एक लाख से अधिक युवाओं को नौकरी दी है। इनमें हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग से चयनित 54610 कर्मचारी भी शामिल हैं। 26 अक्तूबर, 2014 से 31 जनवरी 2019 तक रोजगार कार्यालयों के जरिए 50180 युवाओं को विभिन्न स्थानों पर नौकरी दी गई है।
रोजगार मेलों में 29525 युवाओं को रोजगार दिलवाया गया। ऊबर कैब में 11105 युवाओं व ओला कैब में 5567 नौकरी दिलवाई गई। इसके अलावा 641 युवाओं को सिक्योरिटी, स्किल प्रशिक्षण के तहत 12, अन्य रोजगार 2461 तथा 1490 युवाओं का चयन ग्रुप-डी के लिए हुआ है। इनके अलावा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की 17503 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। 5 हजार से अधिक पदों पर अदालती फैसला पैंडिंग है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों के दौरान मात्र 50753 युवाओं को रोजगार दिया गया। रोजगार कार्यालयों में दिसंबर 2018 तक करीब 618565 युवा पंजीकृत हैं।
जींद जिले की बाढ़ नियंत्रण योजनाएं मंजूर
जींद जिले के जुलाना से विधायक परमिंद्र ढुल के शून्यकाल में मामला उठाने पर वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने सदन को अवगत करवाया कि जब बाढ़ नियंत्रण बोर्ड की बैठक मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई थी, उस समय जींद विधानसभा उपचुनाव के कारण वहां पर आदर्श आचार सहिंता लागू थी, इसलिए वहां की योजनाएं बोर्ड मीटिंग में घोषित नहीं की गईं। मुख्यमंत्री ने अलग से फाइल पर जींद की बाढ़ नियंत्रण योजनाओं को स्वीकृति दे दी है, शीघ्र ही डीसी को इसकी सूचना दे दी जाएगी।
केएमपी-केजीपी के किनारे पलवल के पास बसेगा एक नया शहर
हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि पलवल के पास केएमपी और केजीपी एक्सप्रेस हाईवे के साथ एक नया शहर विकसित किया जाएगा। यह शहर हरियाणा के इन एक्सप्रेस हाईवे के साथ उस पंचग्राम का हिस्सा होगा, जिसमें पांच नए शहर विकसित करने का प्रस्ताव है। गोयल प्रश्नकाल के दौरान एक सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होने कहा कि नया शहर पलवल के पास केएमपी और केजीपी एक्सप्रेस हाईवे के साथ विकसित किया जाएगा। यह शहर औद्योगिक, वाणिज्य और आवासीय विकास पर केंद्रित होगा।
चार नए मेडिकल कॉलेजों के निर्माण की डेडलाइन तय
हरियाणा में स्वीकृत चार मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य के लिए मनोहर लाल सरकार ने डेडलाइन तय कर दी है। गुरुग्राम के विधायक उमेश अग्रवाल ने गुरुग्राम मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर सवाल पूछा था। इस पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश के चार जिलों में मेडिकल कॉलेजों के निर्माण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
सभी कॉलेजों पर करीब 2 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण, नगर निगम गुरुग्राम एवं शीतला माता देवी श्राईन बोर्ड के सहयोग से गुरुग्राम के सेक्टर-102 के खेड़की माजरा गांव में कॉलेज स्थापित किया जा रहा है। इसके निर्माण पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण कार्य 36 महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
इस परियोजना का प्रबंधन परामर्श व सिविल कार्य मेसर्स उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड को आवंटित कर दिया है। जींद के हैबतपुर में मेडिकल कॉलेज के निर्माण पर करीब 550 करोड़ रुपये खर्च होंगे, इसका निर्माण कार्य 24 महीनों में पूरा कर लिया जाएगा। भिवानी व महेंद्रगढ़ में बनाए जा रहे राजकीय मेडिकल कॉलेजों के निर्माण पर 372 करोड़ और 500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनका निर्माण कार्य 27 महीने व 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इन सभी कॉलेजों में एमबीबीएस की 100-100 सीटे होंगी व 500 बिस्तरों का अस्पताल भी होगा।
शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भरे जाएंगे 16595 पद
हरियाणा के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए जल्द 16,595 पद भरे जाएंगे। सरकार सीधी भर्ती से इन पदों को भरेगी। शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने हरियाणा विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान इसकी घोषणा की। वह एक सवाल का जवाब दे रहे थे। शर्मा ने बताया कि 8450 टीजीटी व 8145 पीजीटी शिक्षकों के पदों को जल्द ही सीधी भर्ती से भरा जाएगा।
इसके लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को मांग भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शिक्षकों के खाली पद भरने के लिए अक्टूबर 2014 से अभी तक कई कदम उठाए गए हैं। 9870 जेबीटी, 1210 टीजीटी व 8291 पीजीटी अध्यापकों की सीधी भर्ती की गई, जिनमें से 8376 जेबीटी, 1137 टीजीटी, 2159 पीजीटी शिक्षकों ने ज्वाइनिंग कर ली है। 1942 टीजीटी एवं 5291 पीजीटी के पद पदोन्नति से भरे गए हैं।
थानेसर में बनेगा गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल
रामबिलास शर्मा ने बताया कि थानेसर शहर में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निर्माण किया जाएगा। भवन का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा और वित्त वर्ष 2019-20 के अंत तक पूरा हो जाएगा। शर्मा प्रश्नकाल में विधायक सुभाष सुधा के सवाल का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र जिला के ही गांव बीड़ मथाना में बनने वाले स्कूल के भवन के लिए धनराशि मंजूर हो चुकी है। भिवानी जिला के गांव धारणवास में सरकारी कन्या स्कूल के नए भवन के लिए भी 30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नए शैक्षणिक सत्र के दौरान भवन निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया जाएगा।