'एक अनार सौ बीमार' की स्थिति, 90 सीटों पर 1200 आवेदन, किसे मिले टिकट ऐसे होगा फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रत्याशियों के नाम तय करने को लेकर कांग्रेस की कसरत और बढ़ गई है। 90 विधानसभा सीटों पर 1200 आवेदन आ चुके हैं। इसे लेकर शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में नेताओं की दावेदारी पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कांग्रेस महासचिव गुलाम नबी आजाद, स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य मधुसूदन मिस्त्री, देवेंद्र यादव, दीपा दासमुंशी, प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल रहे। यह बैठक रविवार को जारी रहेगी। इसमें से तय नामों पर सोमवार को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में अंतिम मुहर लगनी है।
बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि इस बार जिताऊ उम्मीद्वारों को ही मैदान में उतारा जाएगा। इस चयन के लिए हरसंभव मेहनत की जा रही है। ताकि मनोहर लाल की सरकार की नाकामियों से हाहाकार कर रही जनता के आगे कांग्रेस उम्मीद्वार का मजबूत विकल्प पेश किया जा सके। इसके लिए हरेक सीट पर मेहनत की जा रही है।
कांग्रेस पार्टी के लिए उत्साहजनक बात है कि उसके पास उम्मीदवारी के मानदंड पर खरे उतरने वाले आवेदकों की लंबी फेहरिस्त है। सैलजा ने कहा कि जल्द ही हाईकमान की स्वीकृति के साथ ही उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी। ताकि उम्मीदवार नामांकन करने के साथ जनता के बीच खुद को पेश कर पाएं।
सैलजा ने बताया कि इस बार राज्य की 90 विधानसभा सीटों पर दावेदारों की बड़ी फौज है। 90 विधानसभाओं से इस बार 1200 उम्मीदवारों ने टिकट के लिए आवेदन किया है। हर सीट पर राज्य चुनाव समिति को उम्मीदवार का नाम तय करने के लिए कड़ी कसरत करनी पड़ रही है।
सैलजा ने कहा कि बैठक में मौजूदा विधायकों के भी मैदान में उतारने पर सहमति बन चुकी है। हर विधानसभा सीट से आए आवेदनों पर गहन मंथन हो रहा है। उम्मीदवारों की काबलियत के साथ उसके अनुभव का भी विश्लेषण किया जा रहा है। जनता के बीच असरदार तरीके से अपनी बात रखने वाले उम्मीदवारों के भी हर पहलू की परख हो रही है।
चुनाव के लिए जनता के सुझावों से कांग्रेस का घोषणा पत्र तैयार हो रहा है। इसमें जनता से वही वादे किए जाएंगे जो कि पूरे हो सकें। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र के लिए कांग्रेस ने प्रदेश की जनता से सुझाव मांगे थे। हर वर्ग के हजारों लोगों ने घोषणापत्र के लिए अपने सुझाव दिए हैं। अब पार्टी उन सुझावों की समीक्षा कर रही है।