{"_id":"6224dc378663535d7669f716","slug":"haryana-aap-will-fight-the-municipal-poll-on-party-symbol-there-is-no-consensus-in-the-congress-yet","type":"story","status":"publish","title_hn":"हरियाणा: आम आदमी पार्टी सिंबल पर लड़ेगी निकाय चुनाव, कांग्रेस में अभी नहीं बनी सहमति","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हरियाणा: आम आदमी पार्टी सिंबल पर लड़ेगी निकाय चुनाव, कांग्रेस में अभी नहीं बनी सहमति
Sun, 06 Mar 2022 09:37 PM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, संवाद, महम (रोहतक), चंडीगढ़
अमर उजाला ब्यूरो, संवाद, महम (रोहतक), चंडीगढ़
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Sun, 06 Mar 2022 09:37 PM IST
सार
हरियाणा के महम कस्बे के बाल्मीकि सामुदायिक केंद्र में आम आदमी पार्टी की ओर से परिवर्तन सभा आयोजित की गई। जहां आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने कहा कि अब हरियाणा में पार्टी नगर निकाय चुनाव पार्टी सिंबल पर लडे़गी। वहीं निकाय चुनाव को लेकर ही दिल्ली में हरियाणा कांग्रेस नेताओं की बैठक में चर्चा हुई।
विज्ञापन
aap Congress symbol
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हरियाणा में स्थानीय शहरी निकाय चुनाव को पार्टी सिंबल पर लड़ने को लेकर हरियाणा कांग्रेस में सहमति नहीं बन पाई। अब भविष्य में होने वाली बैठकों में दोबारा से इस मुद्दे पर मंथन किया जाएगा। इसके बाद ही पार्टी तय करेगी कि वह अपने उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ाएगी या नहीं। वहीं हरियाणा के रोहतक जिले के महम कस्बे की काठमंडी स्थित बाल्मीकि सामुदायिक केंद्र में आम आदमी पार्टी की ओर से परिवर्तन सभा आयोजित की गई। इसमें मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद सुशील गुप्ता ने कहा कि अब हरियाणा में परिवर्तन की जरूरत है। पार्टी नगर निकाय चुनाव पार्टी सिंबल पर लडे़गी।
विज्ञापन
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल की अध्यक्षता में रविवार को दिल्ली स्थित 15 गुरुद्वारा रकाबगंज मार्ग पर हरियाणा कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की बैठक हुई। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा और पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मौजूदगी में कांग्रेस के सभी नेताओं से विचार विमर्श किया गया।
विज्ञापन
कांग्रेस कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य व सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक कुलदीप बिश्नोई, कांग्रेस के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन कैप्टन अजय सिंह यादव, विधायक किरण चौधरी, वीरेंद्र राठौर, आशीष दुआ, प्रदीप नरवाल, चेतन चौहान, हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष धर्मपाल मलिक ने अपनी- अपनी राय रखी। अलग-अलग राय होने के कारण बैठक में कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका कि पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़े या नहीं।
विज्ञापन
विवेक बंसल ने कहा कि इसको लेकर भविष्य की बैठकों में फैसला लिया जाएगा। बता दें कि इससे पहले पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने भी पिछली बार पार्टी के चिह्न पर निकाय चुनाव कराने को लेकर प्रयास किए थे, लेकिन उनको सफलता नहीं मिल पाई थी।
प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों की लिस्ट तैयार
बैठक में निकाय चुनाव के लिए मुद्दों को लेकर भी मंथन किया गया। सभी नेताओं से हरियाणा के ज्वलंत मुद्दों की जानकारी ली गई और बाकायदा उनकी लिस्ट तैयार की गई। प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि सभी नेता इन मुद्दों पर तैयारी करें और लोगों के बीच जाकर अपनी आवाज उठाएं। बंसल ने सभी नेताओं को एकजुटता का पाठ भी पढ़ाया। सभी नेताओं ने एक सुर में बेरोजगारी, घोटाले, अटकी भर्तियों, आंगनबाड़ी और आशा वर्कर समेत कर्मचारियों के मुद्दे बताए। भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड में हरियाणा की स्थायी सदस्यता खत्म करने समेत किसानों को समय पर मुआवजा नहीं मिल पाने की बात रखी। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में मुद्दों की कमी नहीं है, सरकार की नीतियों से हर वर्ग परेशान है।
भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां केवल अपने हित के लिए काम करती हैं : सुशील गुप्ता
राज्यसभा सांसद ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों ही पार्टियां केवल अपने हित के लिए काम करती हैं। हरियाणा में भाजपा जजपा की सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। यदि जनता उन पर विश्वास करती है तो आम आदमी पार्टी लोगों के विकास, रोजगार, सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर देगी।
अगले माह नगरपालिका के चुनाव हो सकते हैं। आम आदमी निकाय चुनाव पार्टी के निशान पर लडे़गी। पार्टी सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पंजाब में बदलाव होगा। केजरीवाल हरियाणा में भी दिल्ली मॉडल की तर्ज पर शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के मुद्दों पर काम करेगी। कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता लवलीन टुटेजा ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर हलका प्रधान वजीर सिंह अहलावत, बलराज मलिक, वेद प्रकाश, बसंत शर्मा, सूरजभान, कुलदीप दलाल और गुड्डी देवी आदि शामिल रहे।