जब हरलीन देओल बनीं सुपरवुमन: बाउंड्री लाइन पर उड़कर पकड़ा ऐसा कैच, सचिन भी हैरत में पड़े, जमकर की तारीफ
हरलीन देओल के कोच जसवंत सिंह ने बताया कि जब वह 14 साल की थी, तब वह सेक्टर- 36 स्थित गुरु नानक देव स्कूल स्थित क्रिकेट अकादमी में ट्रेनिंग लेने आई थी। हरलीन ने अपनी शुरुआत बल्लेबाज के तौर पर की थी।
विस्तार
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर खिलाड़ी हरलीन देयोल ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच में हवा में उछलकर ऐसा कैच लपका कि क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर भी तारीफ किए बिना न रह सके। मोहाली के सेक्टर- 80 में रहने वाला उनका परिवार तेंदुलकर की तारीफ से काफी खुश है।
शुक्रवार को इंग्लैंड में भारत और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच पहला टी-20 मैच खेला गया। इसमें टीम इंडिया की स्टार ऑलराउंडर हरलीन देओल ने इंग्लैंड की बल्लेबाज एमी जोंस का बाउंड्री लाइन पर हवा में उड़कर एक हैरत भरा कैच लेकर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया। सोशल मीडिया पर इस कैच का वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हुए। इसके बाद सचिन तेंदुलकर और वीवीएस लक्ष्मण के साथ क्रिकेट जगत के लोगों ने हरलीन के कैच की जमकर तारीफ की।
19वें ओवर में ऐसे लपका कैच
19वें ओवर में बल्लेबाज एमी जोंस ने लॉग ऑन के ऊपर से छक्का मारने की कोशिश की लेकिन उनके बेहतरीन शॉट को हरलीन ने पहले छलांग लगाकर गेंद को पकड़ लिया। इसके जब उन्हें लगा कि गेंद बाउंड्री के पार जाकर गिरेंगी तो उन्होंने हवा में ही गेंद को अंदर फेंक दिया। इसके बाद बाउंड्री के अंदर आकर हैरत भरा कैच लपक लिया। उनके इस कैच ने प्रशंसकों को हैरान कर दिया।
सचिन की तारीफ मिलने पर हरलीन का परिवार खुश
बेटी के शानदार कैच लपकने और दिग्गज खिलाड़ियाें की ओर से तारीफ मिलने पर हरलीन कौर का परिवार काफी खुश है। हरलीन की मां चरणजीत कौर ने कहा कि भारतीय पुरुष टीम की ओर से ऐसे कमाल के कैच पकड़ते हुए देखते थे लेकिन अब महिला क्रिकेट खिलाड़ी भी पीछे नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि बेटी को सचिन तेंदुलकर की ओर से तारीफ मिलना बहुत बड़ी बात है। हरलीन कौर ने चंडीगढ़ सेक्टर- 36 स्थित एमसीएम कॉलेज में बीए फाइनल वर्ष के पेपर दिए हैं। इसी सेक्टर की जीएनपीएस क्रिकेट अकादमी में क्रिकेट की शुरुआत की।
ऐसे बनीं ऑलराउंडर खिलाड़ी
बल्लेबाज के तौर पर क्रिकेट खेलने की शुरूआत करने वाली हरलीन अभ्यास के दौरान लेग स्पेन गेंदबाजी करने लगीं। फील्डिंग में दक्ष होने के साथ उसकी पहचान एक ऑलराउंडर के तौर पर होने लगी थी। कड़ी ट्रेनिंग के बाद हरलीन ने पंजाब अंडर- 19 टीम में खेला। इसके बाद अपने बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारतीय महिला क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनाई।