भ्रूणहत्या की सूचना दो, 2 लाख का ईनाम पाओ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अजन्मी कन्याओं को गर्भ में मरने से बचाने के लिए वंदेमातरम प्रतिष्ठान ने अपनी पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी करते हुए कन्या भ्रूण हत्या करने व कराने वालों को पकड़वाने पर दो लाख रुपये का ईनाम देने की घोषणा की है। इससे पहले प्रतिष्ठान की तरफ से कन्या भ्रूण हत्या करने वालों को पकड़वाने पर सवा लाख रुपये का ईनाम देने का प्रावधान था।
वंदेमातरम प्रतिष्ठान तथा बेटी बचाओ-सृष्टि बचाओ अभियान के संयोजक अमित निडानी ने रविवार को यहां पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि कन्या भ्रूण हत्या रोकना आज समाज के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। इस चुनौती से निपटने के लिए उनकी संस्था पिछले छह-सात वर्षों से कन्या भ्रूण हत्या रोकने के प्रयास में लगी हुई है।
इसी के चलते उनकी संस्था ने पिछले वर्ष कन्या भ्रूण हत्या की सूचना देने पर सवा लाख रुपये के ईनाम की घोषणा की थी। निडानी ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ प्रोत्साहित करना भी जरूरी है। जब तक लोगों को प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा तब तक लोग कन्या भ्रूण के बारे में प्रशासन को सूचना नहीं देंगे।
अल्ट्रासाउंड तथा अस्पतालों पर निगरानी के लिए गठित की जाएंगी टीमें
वंदेमातरम प्रतिष्ठान के संयोजक अमित निडानी ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए लोगों को जागरूक व प्रोत्साहित करने के साथ-साथ अल्ट्रासाउंड केंद्र तथा अस्पतालों पर निगरानी रखना भी जरूरी है। इसके लिए वंदेमातरम प्रतिष्ठान द्वारा टीमें गठित की जाएंगी। यह टीमें खुफिया तरीके से अल्ट्रासाउंड केंद्रों तथा अस्पतालों पर नजर रखेंगी। ताकि जिले से इस कुरीति को जड़ से मिटाया जा सके।
अजन्मी कन्याओं की आत्मा की शांति के लिए करवाए गए थे हवन
वंदेमातरम प्रतिष्ठान तथा बेटी बचाओ-सृष्टि बचाओ द्वारा कन्या भ्रूण हत्या रोकने के साथ-साथ गर्भ में मारी गई अजन्मी कन्याओं की आत्मा की शांति के लिए समय-समय पर सामूहिक हवन करवाए जाते हैं। पिछले वर्ष प्रतिष्ठान द्वारा लोगों को जागरूक करने के लिए शहर में प्रदर्शन करने के साथ-साथ लघु सचिवालय पर सामूहिक हवन का आयोजन किया गया था।