महाराजा अग्रसेन जयंती: होनहार बेटियों को हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने किया सम्मानित
समारोह में कोरोना गाइडलाइंस का पालन किया गया। समारोह की चंडीगढ़ पुलिस के एसपी (ऑपरेशन) श्री केतन बंसल (आईपीएस) ने अध्यक्षता की। हरियाणा सरकार के पूर्व मुख्य सचिव धर्मवीर वशिष्ठ अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके इलावा समारोह के दौरान अग्रवाल सभा चंडीगढ़ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतपाल गुप्ता, महासचिव सुनील गुप्ता भी उपस्थित रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अग्रवाल सभा चंडीगढ़ की ओर से रविवार को सेक्टर-30 स्थित अग्रवाल भवन में महाराजा अग्रसेन की 5145वीं जयंती समारोह मनाया गया। 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' को समर्पित इस समारोह में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता मुख्य अतिथि रहे। इस मौके पर ज्ञान चंद गुप्ता ने महाराजा अग्रसेन के आपसी भाईचारे और प्रेम के संदेश पर व्याख्यान दिया।
उन्होंने कहा कि आज से लगभग साढ़े पांच हजार वर्ष पहले महाराजा अग्रसेन ने समाजवाद का संदेश दिया था। जिसके तहत समाज में एक दूसरे की सहायता कर उसके पिछड़ेपन को दूर करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इसी धारणा को लेकर एक दूसरे की सहायता के लिए अग्रवाल समाज में 'एक ईट-एक रुपया' मुहिम शुरू हुई थी।
महाराजा अग्रसेन के दिखाए रास्ते पर चलकर व उनके संदेश का पालन कर अग्रवाल समाज में यह प्रथा आज भी कायम है। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता प्रकट की और महाराजा अग्रसेन जयंती की सभी को बधाई दी। अग्रवाल सभा चंडीगढ़ ने अग्रवाल समाज के साथ साथ समाजिक भलाई के अन्य क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों की सराहना की।
ज्ञान चंद गुप्ता ने "बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' को समर्पित समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली होनहार बेटियों को सम्मानित किया। संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा में 69 रैंक हासिल करने वालीं डॉक्टर अक्षिता गुप्ता, आशिया जिंदल, दिवेना बंसल, लक्षणया जिंदल, मुस्कान अग्रवाल, शुब्रा मित्तल और रोहित कुमार गोयल को सम्मानित किया। वहीं समाजसेवा में सराहनीय कार्य करने वाले ईश्वर चंद बंसल, अनुराग अग्रवाल और शिव चरण गुप्ता को भी मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।
रक्तदान शिविर का आयोजन
समारोह के दौरान अग्रवाल सभा चंडीगढ़ के अध्यक्ष नंद किशोर गोयल ने सभी लोगों को महाराजा अग्रसेन जयंती की बधाई दी। अग्रवाल सभा चंडीगढ़ के प्रेस सचिव डॉक्टर शेखर सी जिंदल ने बताया की इस साल महाराज अग्रसेन जयंती समारोह को देश की आज़ादी की 75वीं वर्षगांठ के जश्न के साथ-साथ 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' को समर्पित किया गया।
उन्होंने बताया कि जयंती समारोह का शुभारंभ सुबह आठ बजे हवन यज्ञ से किया गया और इसके बाद मुख्य अतिथि ज्ञान चंद गुप्ता की ओर से ज्योति प्रज्वलित करने के बाद ध्वजारोहण किया गया। अग्रवाल भवन परिसर में पीजीआई की ब्लड बैंक सोसाइटी के सहयोग से रक्त दान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में 80 लोगों ने रक्त दान किया।