चंडीगढ़। जिला अदालत ने सेक्टर-22 में अगस्त 2022 में 19 साल के युवक सागर की हत्या के मामले में सात आरोपियों को बरी कर दिया है। बरी होने वालों में मोनू जैसवाल, सोनू जैसवाल, क्षितिज उर्फ चैरी, सूरज उर्फ अंबू, कमल सिंह, करण पंवार और दिलावर शामिल हैं। सागर राम दरबार कॉलोनी का निवासी था और इंडस्ट्रियल एरिया, फेज-2 में काम करता था। इस दौरान उसके दो दोस्त नीतिश और विशाल भी घायल हुए थे। इस मामले में पंजाब पुलिस के कांस्टेबल दिलावर सिंह पर भी आरोप था कि उसने हमलावरों को पनाह दी थी। हालांकि, अदालत में गवाही के दौरान मृतक के दोस्त अपने बयान से मुकर गए, जिस वजह से अदालत ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने अगस्त 2022 में हत्या, हत्या के प्रयास, जानलेवा हथियार से चोट पहुंचाने, किसी अपराधी को पनाह देने और सांझी सोच की धारा के तहत केस दर्ज किया था। वारदात वाले दिन सागर और उसके दोस्त गांव फैदां में अपने दोस्त नितिन का जन्मदिन मना रहे थे। इसके बाद जब वे सेक्टर-22 चाय पीने पहुंचे थे। उनकी गाड़ी पार्किंग में पहुंची तो उन्होंने देखा कि एक कार ने गलत दिशा से आकर एक पैदल व्यक्ति को टक्कर मार दी। सागर और उसके दोस्त उस व्यक्ति की मदद करने के लिए कार से उतर गए। जब उन्होंने दूसरी कार में सवार हमलावर युवकों से बहस की और तो आरोपियों ने तेजधार हथियार, डंडे आदि से हमला कर दिया। इसमें सागर की मौत हो गई थी, जबकि दो दोस्त घायल हो गए थे। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था।