हरियाणा: उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के जीजा से 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी, पानीपत में केस दर्ज
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के जीजा देवेंद्र कादियान के साथ 75 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश निवासी पिता-पुत्र के खिलाफ पानीपत में केस दर्ज कर लिया गया है। देवेंद्र कादियान 2019 में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) की टिकट से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के जीजा और विधानसभा के पूर्व स्पीकर सतबीर कादियान के बेटे देवेंद्र कादियान के साथ 75 लाख की धोखाधड़ी के आरोप में मध्यप्रदेश के होशंगाबाद निवासी पिता-पुत्र पर पानीपत पुलिस ने मामला दर्ज किया है। देवेंद्र ने आर्थिक अपराध शाखा को शिकायत दी थी। अजीत सिंह और उनके बेटे रसमीत सिंह मल्होत्रा ने दिल्ली के वसंतकुज में जमीन की रजिस्ट्री कराने के नाम पर उनके साथ ठगी की है।
देवेंद्र कादियान 2019 के विधानसभा चुनाव में जननायक जनता पार्टी के टिकट पर पानीपत ग्रामीण हलके से चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए थे। वहीं, रसमीत मल्होत्रा ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। मल्होत्रा का कहना है कि यूपी के बागपत में उनका बालू खदान का काम है, जिसमें देवेंद्र कादियान भी हिस्सेदार बनना चाहते थे। इसी काम के लिए देवेंद्र ने दो करोड़ रुपये दिए थे। कोरोना के चलते लॉकडाउन लगने पर काम नहीं चल पाया। फर्म ने 1.25 करोड़ रुपये देवेंद्र को लौटा दिए थे, जबकि 75 लाख रुपये का कारोबार में घाटा हो गया।
आरोपी पिता-पुत्र जमीन की रजिस्ट्री कराने के नाम पर दो करोड़ रुपये खाते डलवा चुके थे। जमीन की जांच की तो किसी और के नाम मिली। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने खदान में हिस्सेदारी करने की पेशकश की। मैंने हां कर दी लेकिन जब खदान की साइट पर जाकर जांच की तो पता चला कि एनजीटी ने खुदाई पर रोक लगा रखी है। ऐसे में हिस्सेदारी भी नहीं हुई। -देवेंद्र कादियान।
देवेंद्र कादियान की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी होगा, उस पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। -पूजा वशिष्ठ, एएसपी, पानीपत।