रोहतकः गांव निंदाना में दो गुटों में गोलीबारी, एक युवक घायल, पड़ोस के घर में घुसकर बचाई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री के गांव निंदाना में शुक्रवार दोपहर बाद दो पक्षों के बीच गोलीबारी हो गई। इसमें एक युवक को गोली लगी है। उसने पड़ोस के घर में घुसकर जान बचाई। गोली मारने वाले दूसरे पक्ष के लोग फरार हैं। वारदात की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को एक निजी गाड़ी में तत्काल पीजीआई ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां वह उपचाराधीन है।
थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि मौके पर मिली जानकारी और प्रारंभिक जांच में सामने आया कि निंदाना गांव में दो पक्षों का पुराना विवाद चल रहा है। इसी को लेकर दोनों के बीच शुक्रवार को फिर से कहासुनी हो गई। रंजिश के चलते दोनों पक्षों में फायरिंग शुरू हो गई। एक पक्ष के तीन युवकों ने अशोक की तरफ गोलियां चलाईं, जिस दौरान अशोक को एक-दो गोलियां लगीं और घायल हो गया। खुद की जान को खतरे में पाकर अशोक ने पड़ोसी के मकान में घुसकर किसी तरह खुद की जान बचाई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
वारदात स्थल से मिले गोली के चार खोल
वारदात की सूचना मिलते ही महम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पहुंचने के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों व घायल के परिजनों से बातचीत की। एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने वारदात स्थल से गोली के 4 खोल बरामद किए। वारदात के बाद से पूरे क्षेत्र में भय का महौल बना हुआ है।
डीएसपी मुख्यालय ने टीम सहित मौके पर पहुंचे, गश्त बढ़ाने के दिए निर्देश
वारदात के बाद मौके पर डीएसपी मुख्यालय गोरखपाल राणा ने टीम सहित दौरा किया। आसपास के भयभीत लोगों को न डरने के बारे में कहा। साथ ही कहा कि आरोपी कोई भी हो, उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। डीएसपी ने थाना प्रभारी को वारदात स्थल सहित क्षेत्र में अत्यधिक गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
दस मिनट हुई गोलीबारी
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में करीब दस मिनट तक गोलीबारी हुई थी। पुलिस के अनुसार पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुए हैं, जिनके मामले थाने में दर्ज हैं।
वारदात दोपहर साढ़े तीन बजे की है। दो गुटों में रंजिश के चलते गोलीबारी हुई है, जिसमें एक युवक अशोक को एक गोली छाती के नीचे लगी है। वारदात को अंजाम देने में तीन आरोपियों के नाम सामने आए हैं, लेकिन अभी घायल के बयान नहीं हो पाए हैं। घायल के बयान के आधार पर ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - सुरेश कुमार, थाना प्रभारी महम।