ईंधन की बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन: किसानों ने पंजाब भर में जताया विरोध, हॉर्न बजा सरकार को जगाने की कोशिश की
ईंधन की बढ़ती कीमतों और मंहगाई के खिलाफ पंजाब भर में किसान संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने खाली सिलिंडर के साथ अपना विरोध जताया। किसान संगठनों ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। गाड़ियों के हॉर्न बजाकर उन्होंने सरकारों की जगाने की कोशिश भी की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसान जत्थेबंदियों ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की बढ़ रही कीमतें और महंगाई को लेकर गुरुवार को जगह-जगह धरने लगाए। गुरदासपुर में नेशनल हाईवे बब्बरी चौक में ट्रैक्टर, कार, मोटरसाइकिल खड़े करके 42 डिग्री तापमान में दो घंटे तक धरना दिया। इसमें किसानों व मजदूरों ने भाग लिया।
फिरोजपुर में फिरोजपुर-फाजिल्का राज्यमार्ग स्थित गोलूका मोड़ के पास धरना देकर यातायात ठप किया। लगभग दो घंटे यातायात ठप होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। जालंधर में बीएमसी चौक में किसानों ने घोड़ागाड़ी में सिलिंडर रखकर केंद्र व पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
किसानों ने रामामंडी चौक से लेकर ट्रांसपोर्ट चौक तक नेशनल हाइवे के किनारे अपने वाहनों को खड़े कर हॉर्न बजाकर रोष प्रदर्शन किया, ताकि सो रही सरकार को जगाया जा सके। किसानों के रोष प्रदर्शन के दौरान काफी संख्या में पुलिस तैनात की गई। अबोहर में भाकियू एकता उगराहां ने मलोट रोड़ पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पांच मिनट तक लगातार हॉर्न बजाते हुए खाली गैस सिलिंडर खड़काए। सुनाम ऊधम सिंह वाला (संगरूर) में मुख्य सड़कों पर दो घंटे वाहन खडे़ करके केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
इस दौरान किसानों ने वाहनों के हॉर्न बजाकर लोगों का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया। किसानों व महिलाओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में जमकर नारेबाजी की। नंगल में इस रोष प्रदर्शन को ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने भी अपना समर्थन दिया। रोपड़ में चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय मार्ग पर गांव सोलखिलां टोल प्लाजा पर किसानों ने गैस सिलिंडर रखकर प्रदर्शन किया। श्री आनंदपुर साहिब में मुख्य मार्ग पर लोगों ने प्रदर्शन किया। उधर, लुधियाना में हिंदु जागृति सेना ने गुरुवार को जगरांव पुल पर महंगाई डायन खाए जात है गाना गाकर प्रदर्शन किया और केंद्र के साथ राज्य सरकार को भी जगाने की कोशिश की।
पटियाला में बाईपास चौक पर प्रदर्शन
पटियाला में क्रांतिकारी किसान यूनियन व किरती किसान यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान सड़कों पर उतरे। किसानों ने ट्रैक्टर, ट्रालियों, कारों और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर शहर में केंद्र सरकार के खिलाफ रोष मार्च निकाला। इसके बाद चंडीगढ़-पटियाला रोड पर बाईपास चौक पर खाली सिलिंडर रखकर रोष प्रदर्शन किया गया।
उधर, पंजाबी यूनिवर्सिटी के मेन गेट के बाहर स्टूडेंट्स ने पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन के बैनर तले रोष प्रदर्शन किया। इस मौके यूनियन महासचिव अमनदीप सिंह ने कहा कि मोदी सरकार देश के बड़े पूंजीपतियों को मोटा मुनाफा देने के लिए पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में इजाफा कर रही है। इस कारण आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है, जबकि कोरोना कारण लोग पहले आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहे हैं।
अमृतसर में किसानों ने कई जगह लगाया जाम
अमृतसर में अलग-अलग किसान संगठनों ने महंगाई रोकने में विफल केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया और घंटों चक्का जाम किया। इस दौरान भंडारी पुल पर करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा और घर से दवा लेने निकले बुजुर्ग भी ट्रैफिक में फंसे रहे। किसान मोर्चा के आह्वान पर कुल हिंद किसान सभा और एटक से संबंधित ट्रेड यूनियनों और किसानों ने भंडारी पुल पर सिलिंडर रखकर चक्का जाम किया।
नारेबाजी करते हुए किसानों ने महंगाई रोकने में विफल केंद्र सरकार को जमकर कोसा। भंडारी पुल पर जाम लगने के कारण क्रिस्टल चौक और लारेंस रोड पर लोग घंटों जाम में फंसे रहे। लोग एक तरफ किसानों के कोस रहे थे, वहीं केंद्र सरकार की गलत नीतियों की आलोचना कर रहे थे।
किसान संघर्ष कमेटी कोट बुड्डा ग्रुप के सुल्तावनविंड यूनिट के अध्यक्ष गुरभेज सिंह के नेतृत्व में किसानों ने गोल्डन गेट पर कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उधर, लोक इंसाफ वेलफेयर सोसायटी के जिला सचिव मेहताब सिंह सिरसा के नेतृत्व में किसानों ने अल्फा वन रोड पर ट्रैक्टर खड़े कर महंगाई रोकने में विफल केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
भारतीय किसान यूनियन राजेवाल के जिला सचिव सुखराम सिंह भुल्लर के नेतृत्व में किसानों ने इंडिया गेट सड़क के दोनों तरफ ट्रैक्टर खड़े कर प्रदर्शन किया। जबकि भारतीय किसान यूनियन लक्खोवाल के सुखदेव सिंह हेर के नेतृत्व में किसानों ने अजनाला रोड स्थित गांव हेर के मेने रोड पर गुरुद्वारा साहिब के पास जाम लगाकर केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ रोष जताया।