चढूनी की गिरफ्तारी का विरोध: हरियाणा में सड़कों पर उतरे किसान, करनाल में सीएम आवास घेरा, बढ़ाई गई नेताओं के घरों की सुरक्षा
उत्तर प्रदेश में किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी की गिरफ्तारी की खबर हरियाणा पहुंचते ही किसान विरोध में उतर आए। सोनीपत में किसानों ने रोहतक-पानीपत हाईवे जाम कर दिया। किसानों ने उत्तर प्रदेश सरकार पर दमनकारी नीति अपनाने का आरोप लगाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी की उत्तर रप्रदेश में गिरफ्तारी की खबर मिलते ही हरियाणा में विरोध प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया है। जगह-जगह किसानों ने जाम लगा तुरंत रिहाई की मांग की। करनाल में किसानों ने सीएम आवास घेरा। वहीं कुरुक्षेत्र में किसानों ने खेलमंत्री और विधायकों के आवास के बाहर प्रदर्शन किया।
सोनीपत में रोहतक-पानीपत हाईवे किया जाम
सोनीपत में रोहतक-पानीपत हाईवे स्थित भैंसवान खुर्द चौक पर किसानों ने जाम लगा दिया। यूनियन के सदस्यों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि सरकार दमनकारी नीतियां अपना रही है। जाम में रोडवेज की बस समेत अन्य वाहन भी फंस गए हैं। वहीं रात को गोहाना-रोहतक रूट की बस को रद्द कर दिया गया है।
सोमवार देर शाम पौने आठ बजे भाकियू सदस्य भैंसवान खुर्द चौक पर एकत्रित हो गए और रोहतक-पानीपत हाईवे को जाम कर दिया। इस दौरान भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने कहा कि गुरनाम सिंह चढूनी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से वापस दिल्ली आ रहे थे। पता लगा है कि उनको उत्तर प्रदेश पुलिस ने मेरठ के पास से गिरफ्तार कर लिया है। इसी के विरोध में गोहाना में किसानों ने प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया है।
यह भी पढ़ें- लुधियाना: किसान ने फांसी लगा दी जान, सुसाइड नोट में लिखा- लखीमपुर घटना को बर्दाश्त नहीं कर सका
सत्यवान नरवाल ने कहा कि पहले किसानों की जान ली जा रही और कोई आवाज उठाता है तो उसको गिरफ्तार कर लिया जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक गुरनाम सिंह चढूनी को रिहा नहीं किया जाएगा जाम नहीं खोला जाएगा। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जाम खोलने के लिए किसानों को समझाया लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े हुए थे।
करनाल में सीएम आवास घेरा
देर रात पौने नौ बजे किसान करनाल में प्रेम नगर स्थित मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आवास पर पहुंच गए और आवास के सामने धरना शुरू कर दिया। इधर पुलिस प्रशासन ने सांसद, विधायकों के आवासों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। उधर देर रात 11:40 बजे चढ़ूनी की रिहाई की सूचना मिलने के बाद किसान धरना खत्म कर वापस लौट गए। भारतीय किसान मजदूर नौजवान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र आर्य दादूपुर ने बताया कि किसी अधिकारी ने पुष्टि तो नहीं की लेकिन सोशल मीडिया पर खबरें मिली, जिससे जानकारी हुई कि किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी को मेरठ में गिरफ्तार कर लिया गया है। जिससे किसानों में आक्रोश फैल गया है।
भाकियू (चढूनी) ने हरियाणा के सभी सांसदों, विधायकों, मंत्रियों आदि के आवासों पर धरना देने का एलान किया है। इसके बाद सैकड़ों किसान करनाल में प्रेम नगर स्थित मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आवास पहुंच गए हैं और धरना शुरू कर दिया है। करीब 10:55 बजे बारिश शुरू हो गई। इसके बाद भी किसान यहां से हटे नहीं हैं। टेंट लगा दिया गया है।
किसानों ने एलान किया है कि जब तक किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी को रिहा नहीं किया जाता है, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। वहीं चढूनी की रिहाई की सूचना पर किसानों ने धरना खत्म कर दिए और अपने घरों को लौट गए। मौके पर जगदीप औलख, राजेंद्र आर्य के साथ-साथ अमृत बुग्गा, गुरजंट सिंह आदि सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
कुरुक्षेत्र में खेल राज्यमंत्री और विधायकों के आवास को घेरा
किसानों ने शाहाबाद में खेलराज्य मंत्री संदीप सिंह, विधायक रामकरण काला और कुरुक्षेत्र में थानेसर से विधायक सुभाष सुधा के आवास का घेराव किया। वहीं पिहोवा में हिसार चंडीगढ़ नेशनल हाईवे और लाडवा में बंसल अस्पताल के सामने सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल खेल राज्यमंत्री व विधायकों के आवास के बाहर पहुंचा और बैरिकेडिंग कर किसानों को आगे जाने से रोका। थानेसर विधायक सुभाष के आवास पर सैकड़ों की संख्या में किसानों ने डेरा जमाया और वहीं पर लंगर भी खाया।
रोहतक में लगाया जाम
रोहतक जिले में मकड़ौली टोल प्लाजा पर शाम सात बजे से और महम में भेणी महराजपुर में सवा आठ बजे से किसानों ने जाम लगाया है। झज्जर जिले के डीघा टोल प्लाजा पर आठ बजे से जाम लगा है। जींद जिले में जींद-बरवाला रोड पर किसानों ने देर शाम जाम लगा दिया। इससे कुरुक्षेत्र और करनाल के रास्ते बंद हो गए।