पंजाब: गैंगस्टर जयपाल का अंतिम संस्कार करने से परिवार का इंकार, कहा- पहले प्रताड़ित किया फिर पुलिस ने मारा
पंजाब का गैंगस्टर जयपाल भुल्लर कोलकाता में अपने साथी जस्सी खरड़ के साथ पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। अब जयपाल के परिवार ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। उनका आरोप है कि पुलिस ने पहले जयपाल को प्रताड़ित किया इसके बाद मुठभेड़ में मारा। परिवार ने कोलकाता पुलिस पर शव न देने का आरोप भी लगाया। परिवार का कहना है कि स्थानीय मीडिया की मदद से उन्हें शव मिला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोलकाता में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए गैंगस्टर जयपाल भुल्लर का परिवार वालों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। परिवार का आरोप है कि जयपाल को प्रताड़ित करने के बाद उसका एनकाउंटर किया गया है। शव का दोबारा से पोस्टमार्टम किया जाए, ताकि सच्चाई सबके सामने आ सके। उधर, जयपाल के अंतिम संस्कार में पुलिस सख्त सुरक्षा और बुलेट प्रूफ गाड़ी में उसके भाई अमृतपाल को जेल लेकर श्मशान घाट पहुंची।
श्मशान घाट पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील रहा। भूपिंदर सिंह ने कहा कि रविवार को बेटे जयपाल का अंतिम संस्कार करने से पहले धार्मिक रीति रिवाज के मुताबिक शव को नहलाया जाने लगा। इस दौरान उसकी बाजू, पांव व सीने की हड्डियां टूटी हुई मिलीं। इससे पता चलता है कि जयपाल को पकड़ने के बाद पुलिस ने काफी प्रताड़ित किया है और उसके बाद गोली मारी है।
यह बात कोलकाता के लोगों ने भी उन्हें बताई थी कि पुलिस ने दो नौजवानों को यहां से पकड़ा था और उसके बाद गोली मारी है। सिंह ने कहा कि शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के संबंध में फिरोजपुर के डीसी को आवेदन दिया है ताकि सच्चाई सामने आ सके। पोस्टमार्टम दोबारा होने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
आरोप है कि जब जयपाल का शव लेने परिवार के लोग कोलकाता गए तो वहां की पुलिस ने उन्हें मानसिक तौर पर काफी प्रताड़ित किया। यहां तक कि उन्हें शव को हाथ तक नहीं लगाने दिया और कहा कि शव को केमिकल लगाया गया है। कोलकाता पुलिस ने उन्हें न तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के दस्तावेज दिए और न ही एफआईआर की कॉपी दी है।
कोलकाता पुलिस उन्हें शव भी नहीं दे रही थी, वहां की मीडिया के जरिये उन्हें शव मिला है। भूपिंदर ने बताया कि उसके साथी सरपंच ने जलालाबाद के विधायक रमिंदर आवला से बातचीत कर कहा कि उनकी मदद करो और शव का दोबारा से पोस्टमार्टम करवाने संबंधी डीसी से कहें तो विधायक ने कहा कि इस संबंध में बातचीत की गई है लेकिन पूरा मामला सीएम हाउस देख रहा है। परिवार का आरोप है कि घर पर बिना वर्दी और वर्दी में पुलिस मुलाजिम आए और कहने लगे कि देर न करो जल्द ही शव का अंतिम संस्कार करो। उन्हें ऊपर से आदेश हैं।
उधर, जयपाल के परिवार के वकील का कहना है कि भूपिंदर सिंह ने उनसे संपर्क किया कि डीसी फिरोजपुर को आवेदन देना है कि शव का दोबारा से पोस्टमार्टम किया जाए। इसी संबंध में वह डीसी दफ्तर आए हैं। क्योंकि परिवार का कहना है कि जयपाल को गोली मारने से पहले उसको काफी प्रताड़ित किया गया है।
अदालत का सहारा लेंगे जयपाल के पिता
गैंगस्टर जयपाल के पिता भूपिंदर सिंह ने कहा कि जयपाल के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के लिए अदालत का सहारा लेंगे। पोस्टमार्टम के बाद ही अंतिम संस्कार करेंगे। सिंह ने कहा कि कोलकता में उनके बेटे का फर्जी एनकाउंटर हुआ है। डीसी और एसएसपी के साथ बैठक हुई थी। उन्होंने दोबारा पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि कानूनन दोबारा पोस्टमार्टम नहीं हो सकता है।
मां को मिलाया दूसरे बेटे अमृतपाल से
जयपाल के भाई अमृतपाल को सख्त सुरक्षा और बुलेटप्रूफ गाड़ी में लेकर पुलिस श्मशानघाट पहुंची । कड़ी सुरक्षा में गाड़ी में बंद अमृतपाल को उसकी मां से मिलाया और बातचीत करवाई। श्मशानघाट में काफी संख्या में पुलिस थी, ताकि माहौल खराब न हो। जयपाल के शव का अंतिम संस्कार दोपहर दो बजे किया जाना था। परिवार की दोबारा पोस्टमार्टम करने की मांग को लेकर काफी समय लग गया। पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी पोस्टमार्टम के मामले को लेकर बैठक करते नजर आए।