फेसबुक पर दिल मिले, आस्ट्रेलिया से आई 'दुल्हनिया'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फेसबुक ने दो युवा धड़कनों को परिणय सूत्र में बांधने में अहम किरदार निभाया है। हिंदू धर्म के कमल कुमार शर्मा और ईसाई कैथोलिक धर्म की डोलोरस विक्टोरिया ने धर्मनगरी स्थित न्यू कालोनी में श्री सनातन धर्म मंदिर में हिंदू रीति रिवाज के अनुसार विवाह रचाया। नवदंपति ने कहा कि उनकी मुलाकात ऑस्ट्रेलिया में नवंबर 2012 में हुई थी।
दोनों को एक-दूसरे की आदतें पसंद आई और बाद में परिजनों ने भी उन्हें विवाह करने के लिए सहमति प्रदान कर दी। इनका कहना है कि पहले वे फेसबुक पर एक-दूसरे के संपर्क में आए और फिर बाद में कमल कुमार शर्मा 2012 में जब ऑस्ट्रेलिया में बहन के पास गए तो उनकी पहली मुलाकात हुई।
बाद में उनमें प्रेम संबंध पनप गए और अब उनका प्यार मंजिल तक पहुंच गया है। इस सादा विवाह समारोह की खास बात यह भी रही कि फेरे कराने वाले पंडित की भूमिका में दूल्हे कमल कुमार शर्मा के लंगोटिया यार कमल भारद्वाज ने निभाई। कमल कुमार शर्मा के बचपन के साथी कमल भारद्वाज सनातन धर्म मंदिर के पुजारी हैं। मंत्रोच्चारण के साथ हुए इस विवाह के बाद दोनों मित्रों ने दुल्हन के साथ बचपन की सुनहरी यादों को भी सांझा किया।
अब तक अनेक भूमिकाओं में आए नजर
कमल कुमार शर्मा अब तक अनेक भूमिकाओं में नजर आ चुके हैं। उन्होंने जिन नाटकों में भूमिका निभाई है, उनमें कलर्स चैनल पर प्रसारित हो रहे जयश्री कृष्णा नाटक में भगवान इंद्र, सहारा वन में दिखाए जा रहे गणेश लीला, जय-जय बजरंग बली और सोनी प्लस चैनल में सिंहासन बत्तीसी में भगवान ब्रह्मा का रोल शामिल है।
इसके अलावा करीब दो दशक पूरे करने जा रहे सोनी टीवी पर दिखाए जाने वाले सीआईडी, क्राइम पेट्रोल, सावधान इंडिया, शपथ, आहट और रात होने को है इत्यादि नाटकों में अपराधी, बैंक मैनेजर, होटल प्रबंधक, चोर, आम नागरिक तथा रेलवे कर्मी के किरदार निभा चुके हैं।
फिल्मों में भी दिखे कुरुक्षेत्र के कमल
मूल रूप से कुरुक्षेत्र वासी कमल कुमार शर्मा ने फिल्मों में भी रोल किया है। उन्होंने 2002 में आबरा का डाबरा फिल्म में स्टेज एंकर और स्वाह में बिजनेसमैन श्रीवास्तव के रूप में प्रतिभा दिखाई थी, जबकि जल्द ही बीआर चोपड़ा प्रोडक्शन की फिल्म बंदा ये बिंदास में भी वे नजर आएंगे। इस मूवी में उन्होंने नेगेटिव भूमिका (मिस्टर वर्मा) निभाई है।
केयू से एमए मास कॉम की डिग्री ली शर्मा ने
कमल कुमार शर्मा कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी रहे हैं। उन्होंने यहां से स्नातक उत्तीर्ण करने के बाद 1998 में मास कॉम से एमए की थी और बाद में वे कैरियर बनाने के लिए मुंबई सैटल हो गए।
दुल्हन ऑस्ट्रेलिया की लिस्बन यूनिवर्सिटी की छात्रा
दुल्हन डोलोरस विक्टोरिया ने बताया कि वह आस्ट्रेलिया की लिस्बन यूनिवर्सिटी की छात्रा हैं। इस यूनिवर्सिटी से बिजनैस मैनेजमेंट का कोर्स करने वाली 30 वर्षीय विक्टोरिया ने खुशी का इजहार करते हुए बताया कि वह हिंदू रीति रिवाजों से काफी प्रभावित हुई हैं और स्वयं को दुल्हन के भारतीय लिबास में देखने अलग अनुभूति महसूस हो रही है।