लॉरेंस बिश्नोई बोल रहा हूं: छह करोड़ नहीं दिए तो परिवार को जान से मार देंगे, चंडीगढ़ के कारोबारी को आया कॉल
चंडीगढ़ के कारोबारी से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी गई है। कोरोबारी को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से फोन कॉल आया था। मामले में हिमाचल से भी कनेक्शन जुड़ रहा है।
विस्तार
सेक्टर-8 में रहने वाले कारोबारी से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर छह करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। फिरौती की रकम न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। कारोबारी को दो बार विदेशी नंबर से फोन कर फिरौती मांगी गई। पुलिस ने सेक्टर-39 व सेक्टर-3 थाने में अज्ञात के खिलाफ डीडीआर दर्ज की है। साइबर सेल की मदद से पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस को दी शिकायत में कारोबारी ने बताया कि वह चार दिन पहले सेक्टर-40 में थे। उन्हें +601160780994 नंबर से फोन आया। बातचीत करने वाले ने कहा कि मैं तिहाड़ जेल से लॉरेंस बिश्नोई बोल रहा हूं। 15 लाख रुपये का इंतजाम कर लो। इसके साथ धमकी दी कि अगर रुपये नहीं दिए तो वह उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मरवा देगा। फोन कटते ही कारोबारी ने तुरंत सेक्टर-39 थाने में पहुंचकर धमकी देने वाले के खिलाफ लिखित शिकायत दी।
बुधवार को कारोबारी अपने घर सेक्टर-8 में थे। दिन में करीब 12 बजे उसी विदेशी नंबर से फोन आया। खुद को लारेंस बिश्नोई बताते हुए 15 लाख के बजाय 6 करोड़ रुपये देने के लिए कहा। यह भी कहा कि ये पैसे बद्दी में एक प्रॉपर्टी डीलर को दे दें अन्यथा उसे व उसके पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। इस बारे में कारोबारी ने अब सेक्टर-3 थाने में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर अज्ञात के खिलाफ दूसरी डीडीआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस के मुताबिक लॉरेंस बिश्नोई दिल्ली की तिहाड़ जेल में नहीं बल्कि गुजरात की एक जेल में बंद है।
गौरतलब है कि ट्राइसिटी में कारोबारियों से गैंगस्टरों के नाम पर फिरौती मांगने के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। बीते वर्ष गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर ट्राइसिटी के व्यापारियों को धमकाकर रंगदारी मांगने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने दबोचा था। आरोपियों में गैंगस्टर दीपू बनूड़ के चचेरे भाई बनूड़ निवासी रवि (34) और मलोया निवासी सोमदत्त (34) थे। पुलिस ने आरोपियों से रंगदारी के 2.02 लाख रुपये और तीन पिस्टल व कारतूस बरामद किए थे। इसके अलावा कुछ दिन पहले धनास निवासी सिक्योरिटी एजेंसी चलाने वाले ग्रुरप्रीत सिंह उर्फ भूरा से भी बिश्नोई के नाम से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांग गई थी। बाद में भूरा पर अज्ञात बदमाशों ने गोलियां भी चलाई थीं।