पूर्व मंत्री की पूरी 'बारात', पहुंचा दी हवालात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फाजिल्का में शनिवार को उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई जब पूर्व कैबिनेट मंत्री इंद्रजीत सिंह जीरा के साथ आए बारातियों को अचानक पुलिस अपने साथ ले गई।
जीरा एक दूल्हे और करीब 70 बारातियों के साथ यहां पहुंचे थे लेकिन बाद में पता चला कि जीरा के साथ बाराती नहीं बल्कि किसान थे जो उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल और केंद्रीय कैबिनेट मंत्री हरसिमरत कौर का घेराव करने जा रहे थे।
दरअसल उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल को शनिवार सुबह करीब 11 बजे गांव डबवाला कलां में मेगा फूड पार्क का उद्घाटन करने के लिए पहुंचना था। बाद में जीरा की बारात की भनक लगने पर यह कार्यक्रम दोपहर बाद साढ़े तीन बजे शुरू किया गया।
थाने में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री और पीपीसीसी के किसान एवं खेत मजदूर सेल के चेयरमैन इंद्रजीत सिंह जीरा ने बताया कि किसानों को खाद नहीं मिलने के कारण गेहूं की फसल खराब हो रही है। बाजार से किसानों को सौ रुपये अधिक दाम पर खाद दी जा रही है। पंजाब सरकार को किसानों को खाद दिलवाने के लिए 2700 करोड़ रुपये दिलवाए गए थे। इसके बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल रही है। इसीलिए 13 दिसंबर को सुखबीर बादल व हरसिमरत कौर का घेराव करने की घोषणा की थी।
गिरफ्तारी के डर से ही बने थे बाराती
जीरा ने बताया कि शुक्रवार रात को ही अबोहर और फाजिल्का से उनके कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इसीलिए वे शनिवार को बारात के रूप में फाजिल्का स्थित गांव डबवाला कलां सुखबीर व हरसिमरत कौर के समारोह में पहुंच रहे थे। अरनीवाला के पास पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें पहचान लिया और सभी को गिरफ्तार कर थाना सदर फाजिल्का ले जाया गया।
आठ दिन में खाद नहीं तो दो किसान होंगे शहीद
जीरा ने चेतावनी दी कि आठ दिन के भीतर किसानों को खाद मुहैया नहीं करवाई गई तो किसान सेल के दो नेता चंडीगढ़ स्थित प्रकाश सिंह बादल के निवास स्थान पर शहीद होंगे। इसके बावजूद किसानों को खाद नहीं दी तो पंजाब में जहां भी अकाली नेताओं के समारोह होंगे किसान उनका घेराव करेंगे। जीरा ने कहा कि माघी के मेले में मुक्तसर में अकाली नेताओं का घेराव करेंगे।