रेवाड़ी जा रहे सीएम के हेलीकॉप्टर की रोहतक में आपात लैंडिंग, प्रशासन में मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अभिनंदन समारोह में शामिल होने रेवाड़ी जा रहे मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हेलीकॉप्टर की बुधवार शाम रोहतक में लैंडिंग हुई। शाम को मौसम में आए बदलाव के चलते उठे धूल भरे अंधड़ ने सीएम के हेलीकॉप्टर का रास्ता रोक लिया। इसके चलते पायलट को रोहतक में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। सीएम के शहर में होने की सूचना से प्रशासनिक अमले में भी हड़कंप मच गया।
सीएम मनोहर लाल बुधवार शाम हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ से रेवाड़ी जा रहे थे। रास्ते में मौसम खराब होने की वजह से पायलट ने रोहतक के बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय में ही आपातकालीन लैंडिंग की। सीएम के आने की सूचना मिलते ही डीसी आरएस वर्मा, एसपी जशनदीप सिंह रंधावा समेत पूरा सुरक्षा तंत्र अलर्ट हो गया।
जिला प्रशासनिक अधिकारी सीएम का स्वागत करने मस्तनाथ विवि पहुंचे। यहां से सीएम एमडीयू पहुंचे। एमडीयू में 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। यहां एमडीयू के अधिकारी भी मौजूद रहे। सीएम ने खेल विभाग की ओर दिल्ली बाइपास से झज्जर रोड स्थित विवि की खाली जमीन पर कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर चर्चा की।
यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृहमंत्री अमित शाह आ रहे हैं। इसके चलते सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए हजारों की संख्या में पहुंचने वाले लोगों के बैठने व अन्य तैयारियों को लेकर खास विचार विमर्श किया गया। इसके बाद सीएम सर्किट हाउस पहुंचे। यहीं रात्रि ठहराव कर गुरुवार सुबह दिल्ली की ओर रवाना होंगे।
अंधड़ के कारण सीएम के हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। सीएम के आने की सूचना पर पुलिस अधिकारी पूरे दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। यहां प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। -जशनदीप सिंह रंधावा, एसपी