सीएम हुड्डा की मौजूदगी में सैलजा समर्थकों का हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचकूला सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में शनिवार को आयोजित जिला कांग्रेस सम्मेलन के दौरान एक बार फिर गुटबाजी सामने आई। इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा के समर्थक भी शामिल हुए।
वे मंच पर भी बैठे दिखे और कार्यकर्ताओं के बीच भी। लेकिन, जब उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया तो उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मौजूदगी में ही जबरदस्त हंगामा खड़ा कर दिया।
उन्होंने पहले हुड्डा के खिलाफ नारेबाजी की, फिर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य प्रताप चौधरी के साथ सम्मेलन का बहिष्कार करते हुए आयोजन स्थल से बाहर निकल गए।
आम जनता भी जब जताने लगे विरोध
मुख्यमंत्री हुड्डा का कार्यक्रम तय समय से काफी देर बाद शुरू हुआ। एक के बाद एक कई स्थानीय कांग्रेसी नेता जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इससे आम जनता इतने बोर हुए कि बीच में ही उठकर विरोध शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष डा. अशोक तंवर की बातें सुनने आए हैं, न कि किसी और की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सभी को बैठने का इशारा करके उन्हें शांत कराया। इसी बीच मंच पर बैठे प्रताप चौधरी, पार्षद भावना गुप्ता, पार्षद लिली बावा व सैलजा ग्रुप के अन्य नेता मंच से उठे और कार्यक्रम का बहिष्कार करके नारेबाजी करते हुए बाहर चले गए।
इस धड़े का कहना था कि मंच से गलत बयानबाजी की जा रही है। जिन नेताओं को हमने जीत दिलाई, प्रधान बनाया, अब वही कह रहे हैं कि पीठ में छूरा घोंपने वालों को बक्शा न जाए। यह आपस में ही लड़ाने वाला बयान है।
... और हंगामे के बाद आए ऐसे बयान
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि जब नया घर बनाते हैं, तो बुरी नजरों से बचाने के लिए घर के बाहर काली हांडी लगाते हैं। आज हंगामा करने वालों ने उनके लिए काली हांडी का काम किया, क्योंकि कार्यक्रम बहुत अच्छा है। अब इसे किसी की नजर नहीं लगेगी।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि यह जिम्मेदार कांग्रेसी नही हैं। अगर होते तो ऐसी हरकत न करते। अंबाला से इस बार लोकसभा उम्मीदवार राजकुमार वाल्मीकि ने कहा कि ये लोग आए ही थे हंगामे के लिए। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष फूल चंद मुलाना ने कहा कि ऐसी हरकतें नहीं होनी चाहिए। एकजुट रहने से ही काम बनता है।