आप की सरकार के बाद कितनी बदली व्यवस्था: डॉक्टर समय पर अस्पताल पहुंचे लेकिन मरीजों को कतारों से नहीं मिला छुटकारा
मरीज पहले की ही तरह लंबी लाइनों में लगकर घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। पर्ची कटवाने से लेकर मरीज का चेकअप करवाने तक तीन घंटे से ज्यादा का समय लग रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में सत्ता बदलते ही सरकारी विभागों में हालात बदलने शुरू हो गए हैं। पहले जहां सरकारी विभागों में बाबू बिना किसी डर के कभी भी आते थे, अब आप की सरकार आते ही सुबह ही अपनी कुर्सी पर दिखाई देने लगे हैं। इसका एक कारण यह भी है कि आप के विधायकों ने सरकारी विभागों में दबिश देनी शुरू कर दी है। जिसके चलते सरकारी अफसरों को अब समय पर ऑफिस आना पड़ रहा है।
सरकार बदलने के साथ हालात कितने बदले हैं? इसका पता करने के लिए जब जालंधर के सिविल अस्पताल में पहुंचे तो वहां डॉक्टर अपनी ओपीडी के कमरे में मौजूद थे और लोगों का चेकअप कर रहे थे। सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. बजाज सभी डॉक्टरों के कमरों में जाकर यह सुनिश्चित करने में लगे थे कि कहीं कोई डॉक्टर अपनी ड्यूटी से गैरहाजिर तो नहीं है। डॉ. बजाज ने कहा कि सिविल अस्पताल में पहले भी डॉक्टर समय पर आते थे।
सूटबूट तो बदला, नहीं बदले मरीजों के हालात
सरकार बदलने के साथ सिविल अस्पताल में सभी डॉक्टर अच्छी ड्रेस में नजर आए। सभी डॉक्टरों ने चमचमाते सफेद कोट पहने थे और अच्छी ड्रेस पहनी हुई थी। इन सबके बीच अगर कुछ नहीं बदला तो वह मरीजों के सिविल अस्पताल में हालात नहीं बदले हैं। मरीज पहले की ही तरह लंबी लाइनों में लगकर घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। पर्ची कटवाने से लेकर मरीज का चेकअप करवाने तक तीन घंटे से ज्यादा का समय लग रहा है।
अस्पताल में चेकअप करवाने आए मरीज राम कुमार और बिमला देवी ने कहा कि वह सुबह 9 बजे आए हैं। पहले तो पर्ची बनवाने में एक घंटे से ज्यादा लग गया, उसके बाद पिछले एक घंटे से डॉक्टर के कमरे के बाहर लाइन में लगे हैं। अभी लगता है कि उनकी बारी आने में 30-40 मिनट और लग जाएंगे। अस्पताल में चेकअप करवाने आओ तो आधा दिन लग गया, जिससे उनका आर्थिक नुकसान होता है।
दुखी थे पर आप की सरकार को लेकर सकारात्मक दिखे लोग
लंबी लाइनों में लगे मरीज प्रेम सागर, विजय कुमार से जब हमने आप की सरकार आने पर सिविल अस्पताल के हालात बदलने के बारे में बात की तो उन्होंने कहा कि अभी तक तो हालात बदले नहीं हैं, उन्हें उम्मीद है कि आप की सरकार कुछ न कुछ जरूर करेंगी और हालात बदलेंगे जरूर।
उन्होंने कहा कि सरकार बदलते ही सिविल अस्पताल में डॉक्टरों के नजरिए में बदलाव देखने को मिल रहा है। डॉक्टर समय पर आने शुरू हो गए हैं और अस्पताल में दवाइयां मिलनी शुरू हो गई हैं। आप की सरकार ने दिल्ली मॉडल को पंजाब में लागू कर दिया तो यकीनन पंजाब की जनता तो पिछले कईं सालों से इन सरकारी विभागों से त्रस्त थी, के अच्छे दिन आ जाएंगे।