{"_id":"caff5c9f5b69ada75d04fa5f1cf16cbc","slug":"do-ragistration-for-chess-championship-google-boy-will-play-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"गूगल ब्वॉय के साथ शतरंज खेलनी है, कराएं रजिस्ट्रेशन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गूगल ब्वॉय के साथ शतरंज खेलनी है, कराएं रजिस्ट्रेशन
ब्यूरो/अमर उजाला, कुरुक्षेत्र
Updated Tue, 07 Jul 2015 02:10 PM IST
विज्ञापन
हरियाणा शतरंज एसोसिएशन (एचसीए) के तत्वावधान में कुरुक्षेत्र जिला चेस एसोसिएशन 11 जुलाई से गीता इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी कनिपला में दो दिवसीय 11वीं जिला शतरंज चैंपियनशिप शुरू होगी। इसमें गूगल ब्वॉय कौटिल्य पंडित भी भाग लेगा।
विज्ञापन
इस दौरान वह अपनी उम्र से बड़े खिलाड़ियों को चुनौती भी देगा। चैंपियनशिप में महिला एवं अशक्त खिलाड़ियों का प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है। चैंपियनशिप के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुकी है। प्रतिभागी आठ जुलाई तक नि:शुल्क ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल के खिलाड़ी इसमें दम दिखाएंगे।
विज्ञापन
हरियाणा शतरंज एसोसिएशन (एचसीए) के प्रदेश महासचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता खिलाडियों में से ही जिला शतरंज टीम चुनी जाएगी। यह टीम 15 से 17 अगस्त तक भिवानी में होने वाली राज्य स्तरीय शतरंज चैंपियनशिप में भाग लेगी।
विज्ञापन
राज्यस्तरीय स्पर्धा के लिए चुने गए खिलाड़ियों का खर्च एचसीए वहन करेगी। इसके लिए एचसीए कमेटी गठित की है। इसमें जीआईएमटी के चेयरमैन राकेश गोयल और प्रिंसिपल डॉ. धर्मवीर मंगल शामिल हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ 11 जुलाई को प्रात: 11 बजे होगा। 12 जुलाई को दोपहर दो बजे पुरस्कार वितरण होगा।
तीन आयुवर्ग में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता में तीन आयुवर्ग अंडर-11, 15 और ओपन वर्ग के खिलाडी हिस्सा लेंगे। अंडर-11 आयुवर्ग के लिए खिलाड़ियों की जन्म तिथि 1-1 -2004 और अंडर-15 वर्ग के लिए जन्म तिथि 1-1-2000 के बाद की होगी। सभी खिलाड़ियों को आयु प्रमाण-पत्र लाना होगा।
होगा सीधा प्रसारण
दो दिवसीय चैंपियनशिप वर्ल्ड चेस फेडरेशन के नियमों के आधार होगी। स्विस सिस्टम के आधार पर इसके पांच मुकाबले होंगे। स्पर्धा के सभी राउंड लाइव होंगे। इनका सीधा प्रसारण डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट इंडियनचेस डॉट ओआरजी पर होगा।
ऐसे होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
एचसीए के प्रदेश महासचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि रजिस्ट्रेशन आठ जुलाई तक एचसीए की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट इंडियनचेस डॉट ओआरजी पर कराया जा सकेगा।
मिलेगी छात्रवृत्ति
चैंपियनशिप के विजेता खिलाड़ियों को खेल विभाग छात्रवृत्ति देगा। सभी वर्गो में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस चैंपियनशिप में भाग लेने वाले अनुसूचित जाति के खिलाड़ियों को भी छात्रवृत्ति देने का प्रावधान है। पूरी जानकारी इन्फो डॉट इंडियनचेस डॉट ओआरजी पर देखी जा सकती है।