खुलासा: ठग रामलाल ने दो दशक में बनाई अरबों की संपत्ति, पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ में है 63 संपत्तियां
पुलिस के अनुसार, रामलाल और उसके परिवार के पास 150 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्तियां हैं। उसके पास से मिले 50 भरे हुए चेक समेत 538 ब्लैंक चेक की जांच के लिए एसआईटी ने बैंकों को चिट्ठी भेजकर रिकॉर्ड मांगा है।
विस्तार
गुरुग्राम के बिजनेसमैन से पांच करोड़ की ठगी में गिरफ्तार फाइनेंसर व प्रॉपर्टी डीलर रामलाल चौधरी से पुलिस पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। रामलाल ने दो दशक में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अरबों रुपये की संपत्ति बना ली है। जांच में पता चला है कि इन तीनों राज्यों में रामलाल की 50 लाख से साढ़े छह करोड़ तक की कीमत वाली 63 संपत्तियां हैं। यह सभी संपत्तियां पॉश इलाकों में हैं। पुलिस सभी के भौतिक सत्यापन में जुटी है।
एसएसपी कुलदीप चहल ने बताया कि रामलाल व उसके परिवार के नाम 150 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्तियां हैं। उसके पास से 50 भरे हुए चेक समेत 538 ब्लैंक चेक बरामद किए गए थे, जिनकी जांच के लिए एसआईटी ने मंगलवार को बैंकों को चिट्ठी भेजकर रिकॉर्ड मांगा है। वहीं रामलाल के बैंक खातों को भी सील करने को कहा है। पुलिस अब रामलाल के प्रशासनिक अफसरों और नेताओं के साथ कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
यहां-यहां मिलीं संपत्तियां
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-46 में रामलाल की साढ़े छह करोड़ की कोठी, सेक्टर-48 सी में एक रिश्तेदार के नाम साढे़ तीन करोड़ की संपत्ति, कांसल में साढे़ तीन करोड़ की एक संपत्ति मौजूद है। वहीं, रोहतक में 10 करोड़ रुपये की तीन संपत्तियां हैं। कांसल में उसने तीन करोड़ रुपये की एक संपत्ति अपने बेटे के नाम पर ली है। खरड़ में दो करोड़ रुपये कीमत की दो संपत्तियां हैं। चंडीगढ़ के खुड्डा अलीशेर में भी उसने सवा करोड़ रुपये की एक संपत्ति अपने बेटे के नाम पर ली है। साढे़ चार करोड़ की दो संपत्तियां भी बेटे के नाम पर ली हैं। ऐसी दर्जनों संपत्तियों का ब्योरा पुलिस को मिला है। इन सबका पुलिस ने भौतिक सत्यापन भी कर लिया है।
रामलाल चौधरी और उसके परिवार की संपत्तियों की जांच की गई तो 150 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां मिली हैं। रामलाल से बरामद हुए चेक के बारे में बैंक को चिट्ठी लिखकर उनका रिकॉर्ड मांगा गया है। रामलाल से लगातार पूछताछ जारी है। -कुलदीप चहल, एसएसपी, चंडीगढ़