चंडीगढ़: सीमा गोयल हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग, डीजीपी सहित अन्य को हाईकोर्ट का नोटिस
सीमा गोयल हत्याकांड मामले की सीबीआई जांच की मांग पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट से की गई है। याचिकाकर्ता ने चंडीगढ़ पुलिस की जांच पर अविश्वास जताया है। अब हाईकोर्ट ने सभी प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रोफेसर भारत भूषण गोयल की पत्नी सीमा गोयल की हत्या के मामले में यूटी पुलिस की जांच पर अविश्वास जताते हुए मृतका के भाई ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। धीमी जांच पर यूटी पुलिस को हाईकोर्ट ने जमकर फटकार लगाई और यूटी प्रशासन सहित डीजीपी व अन्य को नोटिस जारी करते हुए जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है।
अगली सुनवाई पर पुलिस को जांच की स्टेटस रिपोर्ट भी सौंपनी होगी। एडवोकेट शक्ति मेहता के माध्यम से याचिका दाखिल करते हुए दीप ने बताया कि प्रोफेसर भारत भूषण गोयल के साथ उसकी बहन सीमा का विवाह हुआ था। विवाह के कुछ समय बात से ही गोयल का रवैया उसकी बहन के साथ खराब हो गया। विवाह से पहले याची की बहन ईसाई थी और गोयल अक्सर उसे गंदा खून कह कर प्रताड़ित करता था।
याची ने बताया कि एफआईआर में बताया गया है कि 3 नवंबर 2021 की रात को गोयल और याची की बहन केवल दो लोग पीयू के आवास में मौजूद थे। रात में याची की बहन नीचे टीवी देख रही थी और गोयल ऊपर के कमरे में चला गया। सुबह गोयल उठा तो पाया कि उसकी पत्नी के हाथ-पैर बंधे थे और वह होश में नहीं थी। इसके बाद उसे अस्पताल लेकर गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम में सामने आया कि गला दबाकर हत्या की गई थी।
याची ने कहा कि इस कहानी पर विश्वास करना मुश्किल है क्योंकि जिस स्थान पर वह रहते हैं वह हाई सिक्योरिटी एरिया है। याची की बहन और भारत भूषण गोयल के संबंध काफी समय से खराब चल रहे थे। इस बारे में याची ने यूटी पुलिस को ईमेल भी किया। दोषी को पकड़ने के स्थान पर पुलिस हाथ पर हाथ रखे बैठी है। ऐसे में इस मामले में जांच सीबीआई को सौंपी जाए। याचिका पर हाईकोर्ट ने अब सभी प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब कर लिया है।
नारको टेस्ट करवाएगी पुलिस
सीमा गोयल हत्याकांड का सच सामने लाने के लिए पुलिस ने जिला अदालत से पति प्रोफेसर बीबी गोयल का गांधीनगर में नारको टेस्ट कराने की अनुमति मांगी थी। अदालत से इसकी अनुमति मिल गई है। पुलिस जल्द प्रोफेसर का नारको टेस्ट भी करवाएगी। प्रोफेसर बीबी गोयल भी इस टेस्ट के लिए तैयार हैं।
अंदर से कटी थीं जालियां
प्रोफेसर बीबी गोयल का दावा था घटना वाली रात कोई बाहर से दरवाजे की जाली काटकर अंदर घुसा और हत्या कर फरार हो गया लेकिन सीएफएसएल रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि जालियां अंदर से काटी गई थीं। पुलिस ने सीमा के हाथ, पैर और मुंह बंधे हुए नहीं देखे। पुलिस के पहुंचने से पहले सीमा को अस्पताल ले जाया जा चुका था। प्रोफेसर के अनुसार, सीमा के कमरे में बेडशीट और तकिए पर भी खून के निशान थे। इतने तथ्य होने के बावजूद पुलिस मामले को सुलझाने में नाकाम रही। वहीं सीमा के भाई ने प्रोफेसर बीबी गोयल पर हत्या का संदेह जताया था। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से भी की थी।
सीसीटीवी में दिखे थे संदिग्ध
इस हत्याकांड में बाइक सवार दो संदिग्ध लोग सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए थे। फुटेज में वारदात वाली रात बाइक पर एक संदिग्ध युवक और युवती देर रात डेढ़ से दो बजे के बीच घटनास्थल के पास दिखाई दिए थे। युवती ने शॉल से अपना चेहरा ढका हुआ था, जबकि युवक ने पगड़ी बांध रखी थी। पुलिस अभी तक इनकी भी पहचान नहीं कर सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में कैद संदिग्ध युवक और युवती करीब तीन मिनट तक ही घटनास्थल के पास आते-जाते दिखे हैं। इतने कम समय में घटना को अंजाम देना कैसे संभव है।