खौफनाकः होली के दिन युवक हुआ अगवा, तारकोल मिक्सर प्लांट के बॉयलर में मिला कंकाल
जींद जिले के कालवा गांव से फाग के दिन अगवा धर्मपाल (55) का कंकाल पुलिस ने सोमवार को गांव के बाहर लगे तारकोल मिक्सर प्लांट के बॉयलर से बरामद कर लिया। परिजनों ने तीन दिन पहले डीएसपी से मिलकर हत्या की आशंका जताई थी। उसके बाद पुलिस ने रविवार को धर्मपाल के कुनबे के ही छह युवकों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने पूछताछ में कुबूल किया कि उन्होंने 21 मार्च को धर्मपाल का अपहरण करने के बाद पीट-पीट कर हत्या कर दी और शव को उबलते बॉयलर में डाल दिया था।
पुलिस ने अपहरण और मारपीट के छह आरोपियों के खिलाफ हत्या और शव को खुदबुर्द करने का मामला भी दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि तीन साल पहले दोनों पक्षों के बीच प्लॉट को लेकर झगड़ा हुआ था, उसके बाद से पारिवारिक रंजिश चली आ रही है। पिल्लूखेड़ा थाना में मृतक की पत्नी राजरानी ने दी शिकायत में बताया कि 21 मार्च को उसके बेटा अजय (24) जब मिक्सर प्लांट के सामने पीर की पूजा करने गया था, तब कुनबे के ही छह युवकों ने शराब के नशे में उसकी पिटाई कर दी थी।
आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया था। पुलिस ने अजय को रिहा करवा लिया था। इसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे अजय के पिता धर्मपाल, उसका छोटा भाई अमित जब आरोपियों के घर उलहना देने गए तो उनके साथ भी मारपीट की।
आरोपियों ने धर्मपाल का वहीं से अपहरण कर लिया। पता नहीं चला तो 22 मार्च को धर्मपाल की पत्नी राजरानी ने डीएसपी पुष्पा खत्री को शिकायत देकर आशंका जताई कि उसके पति की हत्या कर दी गई है।
आरोपियों की निशानदेही पर शव निकालने के लिए गैस कटर से बॉयलर को काटा गया तो केवल हड्डियां ही मिलीं। कंकाल का पोस्टमार्टम कराने के लिए पीजीआई रोहतक भेजा गया है। परिजनों का आरोप है यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो धर्मपाल की जान बच सकती थी। इस पर पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी अनिल कुमार कहना है कि मामले में कोई ढिलाई नहीं बरती।
यह हैं आरोपी
जितेंद्र नंबरदार, वीरेंद्र उर्फ बादल, बिजेंद्र, दीपक, धर्मेंद्र और रवींद्र उर्फ मरिंडा। बिजेंद्र पुलिस में ईएचसी के पद पर समालखा में तैनात है।
मामले में आरोपियों को पुलिस ने काबू किया, तब उन्होंने बताया कि हत्या के बाद धर्मपाल के शव को बॉयलर में डाल दिया था। उसके शव को बरामद किया गया। - डीएसपी कप्तान सिंह