मोहाली, पंचकूला वालों के बनेंगे सीटीयू पास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर में सीटीयू की बसों में सफर के लिए अब चंडीगढ़ के साथ-साथ मोहाली, पंचकूला, मनसा देवी, मुल्लांपुर और सकेतड़ी में रहने वाले लोग भी बस पास बनवा पाएंगे। अभी तक सीटीयू की बसों का पास बनवाने के लिए चंडीगढ़ का निवासी होना जरूरी था, लेकिन शुक्रवार से लागू हो रहे नए बस पास सिस्टम में इस अनिवार्यता को खत्म कर दिया गया है।
अभी तक छात्रों, कर्मचारियों व सामान्य लोगों को सिर्फ मासिक बस पास जारी होते थे, लेकिन अब मासिक के साथ साथ तीन और छह महीनों के बस पास भी बनेंगे। भविष्य में एक साल के लिए भी पास बनेगा। पास प्लास्टिक कार्ड का होगा और इसे बनाने के लिए मामूली चार्ज लिए जाएंगे। पास ई संपर्क सेंटरों पर ही बनेगा।
बस पास सिस्टम एवरीटाइम एनीवेयर बेसिस पर लागू होगा। पंचकूला और मोहाली के लोगों से अतिरिक्त टैक्स न लगे इसके लिए इंटीग्रेटेड पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम शुरू किया गया है।
पंजाब-हरियाणा कर्मी भी बनवा सकेंगे पास
अभी तक सिर्फ यूटी प्रशासन के कर्मचारी ही बस पास बनवा पाते थे, लेकिन अब से प्रशासन के कर्मचारियों के साथ साथ पंजाब और हरियाणा सरकार में काम करने वाले कर्मचारी ट्राइसिटी के लिए पास 250 रुपये में बनवा पाएंगे।
बस पास किसी एक तारीख से दूसरी तारीख के लिए नहीं बनेंगे। बल्कि एक माह से दूसरे माह के लिए बनेंगे। तीन साल से कम उम्र के बच्चों की टिकट नहीं लगेगी।
ट्राइसिटी के दृष्टिहीन, स्वतंत्रता सेनानी, वार विडोज और थैलीसीमिक बच्चे एक अटेंडेंट के साथ सीटीयू बस में निशुल्क सफर कर पाएंगे। इसके लिए उन्हें पहचान पत्र दिखाना होगा।
ट्राइसिटी में रहने वाले मूक व बधिर, मानसिक रूप से विकलांग और एचआईवी से पीड़ित लोग भी सीटीयू बस में निशुल्क सफर कर पाएंगे।
ये होंगे पास बनवाने के चार्ज
- नॉन एसी बस के लिए 30 रुपये में प्रति व्यक्ति डेली पास बनेगा जो कि ट्राइसिटी के लिए होगा।
- एसी बस के लिए 50 रुपये का डेली पास ट्राइसिटी के लिए बनेगा
- नॉन एसी बस के लिए सामान्य लोगों का मासिक पास 500 रुपये में ट्राइसिटी के लिए बनेगा
- एसी बस के लिए सामान्य लोगों का मासिक पास 1000 रुपये में ट्राइसिटी के लिए बनेगा
- ट्राइसिटी के स्कूल, कालेजों के विद्यार्थियों का तीन माह का पास 300 रुपये, छह माह का 600 रुपये और एक साल का 1200 रुपये का बनेगा।
-सरकारी कर्मचारी एसी बस का मासिक पास 1000 रुपये और नॉन एसी बस का पास 250 रुपये में बनवा पाएंगे। यह पास ट्राइसिटी के लिए बनेगा।
- वरिष्ठ नागरिक नॉन एसी बस के लिए ट्राइसिटी के लिए पास 250 रुपये में बना पाएंगे। एसी बस के लिए 500 रुपये में पास बनवा पाएंगे।