'बेरहम' बारिश के सताए किसानों के लिए बड़ी राहत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने पिछले दिनों फसलों पर पड़ी मौसम की मार पर चिंता जताई। बादल ने सदन में कहा कि प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
पंजाब विधानसभा के बजट सत्र में शून्यकाल केदौरान कुलजीत नागरा ने कहा कि ओलों और बारिश से 80 प्रतिशत फसल खराब हो चुकी है। इसकी स्पेशल गिरदावरी कराई जाए और किसानों के लिए मुआवजे का ऐलान किया जाए।
बादल ने कहा कि वाकई ओलों और बारिश से फसल को काफी नुकसान हुआ है। सभी डिप्टी कमिश्नरों को स्पेशल गिरदावरी कराने की हिदायत दी गई है ताकि नुकसान का पता चल सके।
प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। समस्या यह है कि सौ फीसदी फसल खराब होने पर भी 3500 रुपये प्रति एकड़ से ज्यादा मुआवजा नहीं दे सकते।
गन्ना किसानों के मुद्दे पर विपक्ष ने की नारेबाजी
राणा गुरमीत सोढी ने फिरोजपुर-फाजिल्का हाईवे पर हुए हादसे में मारे गए लोगों के लिए मुआवजे की मांग की। अजायब सिंह भट्टी ने आरोप लगाया कि गोनियाना में प्रधानगी की सीट बेची गई। तृप्त रजिंदर बाजवा ने प्रश्नकाल में गन्ना किसानों से संबंधित प्रश्न रखा था, जिसे स्पीकर ने एक्सटेंड कर दिया था।
बाजवा ने कहा कि उन्हें बताया जाए कि उनके सवाल का जवाब कब दिया जाएगा। क्योंकि किसानों को पेमेंट नहीं हो रही। फिर कांग्रेसियों ने नारेबाजी शुरू कर दी और वेल में आ गए।
सीएम ने खड़े होकर कहा कि वह विश्वास दिलाते हैं कि गन्ना उत्पादकों को कोई परेशानी नहीं आएगी। राणा गुरजीत ने कहा कि यूपी सरकार ने गन्ना किसानों को चालीस रुपये प्रति क्विंटल देने का ऐलान किया है। महेश इंदर गरेवाल ने बाघापुराना में पानी में हैवी मेटल्स मिलने का मुद्दा उठाया, विशेष टीम भेजने की मांग की।
अजीत इंदर सिंह मोफर ने कहा कि सरदूलगढ़ में सारे वाटर वर्क्स बंद हैं। हरचंद कौर ने हलके के एक गांव में बूचड़खाने को लेकर हो रहे विरोध का मुद्दा उठाया। सीएम ने कहा कि वहां बूचड़खाना नहीं बनेगा। बलबीर सिद्धू ने लांडरां रोड को फोरलेन करने की मांग रखी।
विद्यार्थियों को वजीफे पर कांग्रेस का वाकआउट
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान चरनजीत सिंह चन्नी ने एससी वर्ग के विद्यार्थियों को समय से वजीफे न मिलने का मुद्दा उठाया। गुलजार सिंह रणिके ने पिछले तीन सालों में दी गई स्कॉलरशिप का ब्यौरा दिया।
चन्नी ने कहा कि बड़ी संख्या में बच्चों को वजीफा नहीं मिला। स्पीकर अपनी अगुवाई में एक कमेटी बना कर जांच कराएं। हरदयाल कंबोज ने बारिश से फसल को हुए नुकसान का मुद्दा उठाया।
चन्नी ने विभिन्न विभागों में एससी-बीसी वर्ग को आरक्षण न दिए जाने का मुद्दा उठाया। रणिके ने कहा कि कानून लागू किया गया है। अगर किसी संस्था में नहीं हो रहा तो बताएं। चन्नी जवाब से संतुष्ट नहीं थे। इसकेबाद कांग्रेसियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। तीन मिनट बाद वाकआउट कर दिया।