युवती को गोली मारकर युवक ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में लिखी ये वजह
नकोदर चौक स्थित लवली आटोज के शोरूम में सोमवार को एक युवक ने युवती को गोली मारने के बाद अपने सिर पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। लड़की को सत्यम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था या यह एक तरफा प्यार था। वारदात दोपहर को 2.15 के करीब घटी।
गोलियों की आवाज से लवली आटोज में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर कमिश्नर पुलिस गुरप्रीत सिंह भुल्लर समेत तमाम अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है।
जानकारी के मुताबिक करतारपुर का रहने वाला मनप्रीत पहले लवली आटोज में काम करता था। लड़की सीमा तिवारी उर्फ सिम्मी कुछ समय पहले ही लवली आटोज में नौकरी पर लगी थी।
सीमा तिवारी शादीशुदा थी और उसका तलाक का केस विचाराधीन था। मनप्रीत कुंवारा था और वह लवली आटोज आता-जाता रहता था। सोमवार को करीब 2.15 पर मनप्रीत सीधा लवली आटोज पहुंचा और दूसरी मंजिल पर चला गया जहां कैंटीन बनी हुई थी।
उसको पता था कि सिम्मी लंच के लिए दोपहर को दूसरी मंजिल पर जाती थी। उसने रिवाल्वर निकालकर सिम्मी पर फायर कर दिया। पहला फायर मिस हो गया जबकि दूसरी गोली उसकी बाजू पर जा लगी। इसके बाद मनप्रीत ने अपने सिर पर रिवाल्वर रखकर गोली चला दी।
उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सिम्मी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। मनप्रीत के पास से जो सुसाइड नोट बरामद हुआ है उसमें लिखा था कि वह सिम्मी से प्यार करता है लेकिन सिम्मी उसको कुछ दिनों से नरअंदाज कर रही है। अब उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा है।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है कि सिम्मी व मनप्रीत के बीच एक तरफा प्यार तो नहीं था। इसके लिए दोनों की कॉल डिटेल्स निकलवाई जा रही है। पुलिस सिम्मी के पारिवारिक सदस्यों के बयान कलमबद्ध कर रही है। मनप्रीत के पारिवारिक सदस्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
कहां से आया लाइसेंसी रिवाल्वर, लागू है आचार संहिता
सोमवार की घटना ने चुनाव आयोग व पुलिस की पोल खोल दी है। चुनाव आयोग की तरफ से सख्त आदेश हैं कि आचार संहिता लागू होने के बाद लाइसेंसी असलहे को जब्त किया जाए लेकिन मनप्रीत के पास रिवॉल्वर कहां से आया। वह रिवाल्वर किसका था इसकी जांच चल रही है।