पटियालाः ससुराल वालों से परेशान होकर विवाहिता ने जहर निगला, पांच पर केस दर्ज
पटियाला के थाना घग्गा के अधीन पड़ते गांव डरोली में विवाहिता ने ससुरालवालों की मारपीट और झगड़ों से तंग आकर जहर खाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने विवाहिता के भाई के बयान पर आरोपी पति समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
रमेश कुमार निवासी बस्ती बमना थाना सदर समाना ने पुलिस को बताया है कि उसकी बहन सुखो देवी (28) की शादी दस साल पहले गांव डरोली के रहने वाले सुखा राम से हुई थी। शादी से उनके तीन बच्चे भी हैं। काफी समय से परिवार में अक्सर घरेलू झगड़े रहते थे। उसकी बहन के साथ पति समेत उसके भाई बचन राम, कंता राम, मां मुख्तियारो देव व ससुर पूरन राम मारपीट भी करते थे।
उनकी बहन मानसिक तौर पर काफी परेशान रहती थी। इसी परेशानी की हालत में 18 सितंबर को उसने जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे सरकारी राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पति समेत उसके दो भाइयों व मां-बाप को नामजद कर लिया है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
विवाहिता को घर से निकालने वाले पति के खिलाफ केस
वहीं गुरदासपुर में दहेज के कारण एक विवाहिता को घर से मारपीट कर निकालने वाले पति के खिलाफ तिब्बड़ पुलिस में मामला दर्ज हुआ है। तिब्बड़ पुलिस स्टेशन में तैनात एएसआई मनजिंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता लवप्रीत कौर निवासी गोत पोकर ने जिला पुलिस अधीक्षक गुरदासपुर को शिकायत दी थी। उसने बताया कि उसका विवाह मनोहर सिंह पुत्र कश्मीर सिंह निवासी नौशहरा खुर्द अमृतसर से वर्ष 2006 में हुआ था।
विवाह के समय मायके वालों ने हैसियत अनुसार दहेज दिया लेकिन अब उसे अधिक दहेज लाने के लिए परेशान किया जाने लगा। दहेज की मांग पूरी न होने पर उससे मारपीट करके उसके पति ने उसे को 11-9-2017 को घर से निकाल दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच फैमिली वेलफेयर कमेटी गुरदासपुर की ओर से करने के बाद कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।