पंजाब: लुधियाना में थाने में महिला ने की आत्मदाह की कोशिश, पठानकोट में दुकानदार और बुढलाडा में बेरोजगार ने दी जान
पंजाब के लुधियाना में कार्रवाई न होने से खफा महिला ने थाने में आत्मदाह का प्रयास किया। उधर, पठानकोट में एक दुकानदार ने खुदकुशी कर ली। बुढलाडा में एक बेरोजगार ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लुधियाना के थाना डिवीजन-3 में बुजुर्ग महिला ने मिट्टी का तेल छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की। महिला ने बेटे और बहू पर मारपीट करने का आरोप लगाकर पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी। कार्रवाई न होने से परेशान बुजुर्ग महिला ने यह कदम उठाया। महिला ने थाने में जब खुद पर मिट्टी का तेल डाला तो अफरा तफरी मच गई। इसी दौरान महिला पुलिस मुलाजिम ने बुजुर्ग के हाथ से तेल की बोतल और माचिस छीनकर फेंक दी। यह मामला अधिकारियों के ध्यान में आया तो तुरंत महिला के बेटे और बहू पर केस दर्ज करने का आदेश दिया।
शिवपुरी निवासी सरोज रानी ने बताया कि 22 फरवरी को उनके बेटे और बहू ने उनसे मारपीट की और घर से निकाल दिया था। उन्होंने इसकी शिकायत थाना डिवीजन-3 पुलिस को दी। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो वह पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के पास गईं और कार्रवाई की मांग की।
11 दिन से थाने में बुलाकर किया जा रहा जलील: सरोज
बुजुर्ग सरोज रानी ने आरोप लगाया कि उन्हें थाने में बुलाकर कार्रवाई के नाम पर 11 दिन से जलील किया जा रहा है। कमिश्नर के आदेश के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्हें बताया गया कि अब थाना डिवीजन-2 की पुलिस मामले की जांच करेगी। वह वहां गई परंतु उन्हें फिर थाना-3 में भेज दिया। थाना प्रभारी घटना के दौरान अपने कमरे में मौजूद रहे लेकिन उनकी बात सुनने बाहर नहीं आए। बुजुर्ग महिला ने आरोप लगाया कि उनके नाम पर एक स्विफ्ट कार थी, जो किस्तों पर ली गई थी। बेटों ने किस्तें नहीं भरी इसलिए बैंककर्मी गाड़ी ले गए। इस विवाद पर उनसे मारपीट की गई थी।
पुलिस पर मर्जी से बयान लिखने का आरोप
बुजुर्ग महिला ने आरोप लगाया कि गुरुवार को वह बयान लिखवाने थाने पहुंचीं तो वहां मौजूद एएसआई ने अपनी मर्जी से बयान लिखे। गलत बयान लिखने पर उन्होंने विरोध किया और कागज फाड़ दिया। इस पर एएसआई बोला कि जाओ बाजार से बयान लिखवाकर ले आना फिर कार्रवाई की जाएगी। वह तीन बजे थाने पहुंच गईं लेकिन किसी ने कोई सुनवाई नहीं की। इसलिए उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
पुलिस की ओर से कोई लापरवाही नहीं की गई है। महिला अपने बयान से खुद सहमत नहीं थी। इसलिए उन्हें टाइप करवाकर बयान लाने को कहा गया था। वह किसी से पूछकर लिखवाना चाहती थी। अब पुलिस ने बुजुर्ग महिला के बेटे और बहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। - अंकुश दत्त, एसएचओ थाना डिवीजन नंबर-3।
परेशान दुकानदार ने की खुदकुशी, जेब में मिला सुसाइड नोट
पठानकोट के चार मरला निवासी दुकानदार ने पटरी पर लेटकर आत्महत्या कर ली। मृतक की जेब से निकले सुसाइड नोट में किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है। मृतक की पहचान सुनील कुमार (52) निवासी चार मरला, रामनगर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक सुनील कुमार कुछ दिन से मानसिक परेशान था। जीआरपी मामले की जांच कर रही है। जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि दोपहर को डॉ. आंबेडकर नगर से कटरा जाने वाली मालवा सुपरफास्ट कैंट स्टेशन पर पहुंचने के लिए धीमी हुई तो चक्की ब्रिज से पहले ही सुनील ने आगे आकर जान दे दी। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव वारिसों को सौंप दिया जाएगा।
बेरोजगार एमएससी युवक ने की आत्महत्या
बुढलाडा में गणित में उच्च योग्यता प्राप्त बेरोजगार युवक ने रेलगाड़ी आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। रेलवे चौकी प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि मुंबई-फिरोजपुर लाइन के नजदीक कुलाना फाटक पर शरनदीप सिंह (26) ने नौकरी न मिलने के कारण जान दे दी। रेलवे पुलिस ने मृतक के पिता कुलवंत सिंह के बयान पर धारा 174 के तहत कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार शरनदीप सिंह एमएससी करने के बाद नौकरी के लिए तैयारी कर रहा था। नंबरदार रमेश ने बताया कि मृतक परिवार में मेहनती और होशियार होने के कारण परिवार को उस पर गर्व था। हलका विधायक प्रिंसिपल बुद्ध राम, नंबरदार रमेश कुमार, बिंदर कुमार ने मृतक परिवार के साथ दुख साझा किया है।