लुधियानाः विदेश से लौटे पति को एयरपोर्ट के बाहर से पत्नी ने किया अगवा...जानें क्या है पूरा मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंग्लैंड से लौटे एक एनआरआई को उसकी ही पत्नी ने साथियों के साथ मिलकर अगवा कर लिया। महिला ने पति को अपने घर में बंधक बना रखा और मारपीट भी की। मामला पंजाब के लुधियाना की है। आरोपी महिला ने रिश्ता खत्म करने के लिए पति को 15 लाख रुपये में मना लिया। वह फव्वारा चौक के पास स्थित एसबीआई की एनआरआई ब्रांच में पैसे निकलवाने आ पहुंचे। मामले की सूचना मिलने पर थाना डिविजन आठ के एसएचओ सब इंस्पेक्टर मोहन लाल बैंक पहुंचे तो आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस ने इंडस्ट्री एरिया बी के रहने वाले एनआरआई प्रितपाल सिंह पलाह की शिकायत पर जालंधर के गांव ढकोहा निवासी उसकी पत्नी रजनी शर्मा, पवन बब्बू उर्फ बब्लू, गुरप्रीत सिंह और रजनी शर्मा की मां के खिलाफ अपहरण, धोखाधड़ी समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रितपाल सिंह की शिकायत के मुताबिक उसकी पहले भी शादी हो चुकी है और तलाक हो चुका है।
उसने मार्च 2018 में रजनी के साथ शादी की थी। शादी के बाद एक महीने तक वह यहां रहा और उसके बाद इंग्लैंड चला गया। पत्नी रजनी अपने मायके में रह रही थी। पीछे से उसकी पत्नी को उसकी शादियों के बारे में पता चल गया। तीन नवंबर को वह इंग्लैंड से दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा। उसकी पत्नी रजनी को इस बात का पता चल गया। वह अन्य आरोपियों के साथ मिल कर दिल्ली एयरपोर्ट पर उसे लेने पहुंच गई।
वहां से वह सीधे उसे गांव ले गई। वहां पर आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट की। उसके बाद आरोपी रजनी ने उससे कहा कि उसके साथ रिश्ता खत्म करना चाहती है और आरोपी ने पांच लाख रुपये की मांग की। वह राजी हो गया तो रजनी ने साथियों के साथ मिल कर 15 लाख रुपये मांगने शुरू कर दिए। वह 15 लाख रुपये भी देने को तैयार हो गया। वह पैसे निकलवाने के लिए बैंक पहुंच गए।
बैंक क्लर्क को पर्ची पर लिखकर दी अगवा होने की सूचना
बैंक में क्लर्क ने पर्ची मांगी। इस पर प्रितपाल सिंह ने रकम भरने के साथ साथ पर्ची पर लिख दिया कि वह अगवा हो चुका है और उसके साथ आए लोग अपहरणकर्ता है। वह जल्द ही पुलिस को सूचना दे। इस पर क्लर्क ने मैनेजर से बात की और पुलिस को सूचना दी। थाना डिविजन आठ के एसएचओ सब इंस्पेक्टर मोहन लाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली तो तुरंत टीम वहां पहुंच गई थी। टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।