मूसेवाला हत्याकांड: आरोपी गुरमीत की निशानदेही पर हथियार बरामद, हत्या से 10 दिन पहले की थी रेकी
डीसीपी क्राइम वरिंदर सिंह बराड़ ने बताया कि बटाला के गांव चक्का खासा कुलिया में रहने वाला गुरमीत सिंह जैवलिन का राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी रह चुका है। गांव में मामूली बात पर मारपीट में गुरमीत पर केस दर्ज हुआ तो वह अपराध की दुनिया से जुड़ गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाबी गायक और कांग्रेसी नेता शुभदीप सिंह सिद्धू मूसेवाला की रेकी करने के आरोपी गुरमीत की निशानदेही पर लुधियाना पुलिस ने तीन बोर की एक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं। बटाला से लुधियाना पुलिस गुरमीत को प्रोडक्शन वारंट पर लाई है। पूछताछ में उसने बताया कि मूसेवाला की हत्या से 10 दिन पहले वह अपने साथियों के साथ रेकी करने गया था।
गुरमीत ने खुलासा किया कि गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने कनाडा से सिद्धू मूसेवाला की रेकी का निर्देश दिया था। इसके बाद फॉर्च्यूनर कार लेकर वह सतबीर सिंह, मनदीप तूफान, मनप्रीत सिंह मनी रईया के साथ रेकी करने पहुंचा था। चारों हथियारों से लैस थे। डीसीपी क्राइम वरिंदर सिंह बराड़ ने बताया कि थाना सलेम टाबरी में दर्ज एक मामला मूसेवाला हत्याकांड से जुड़ा है।
जांच में पता चला था कि हत्याकांड से 10 दिन पहले डबवाली में पेट्रोल पंप पर एक फॉर्च्यूनर कार सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। पता चला था कि कार अजनाला निवासी सतबीर सिंह चला रहा था, जबकि गैंगस्टर मनप्रीत सिंह और मनदीप तूफान बैठे थे। चौथा आरोपी गुरमीत गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और गैंगस्टर लॉरेंस का करीबी है। गुरमीत को बटाला पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया था। लुधियाना पुलिस की ओर से प्रोडक्शन वारंट पर लिए गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया से खुलासा हुआ कि गाड़ी में चौथा आरोपी गुरमीत सिंह था। इसके बाद कमिश्नरेट पुलिस गुरमीत को भी प्रोडक्शन वारंट पर लाई।
जैवलिन खेल का अच्छा खिलाड़ी है आरोपी
डीसीपी क्राइम वरिंदर सिंह बराड़ ने बताया कि बटाला के गांव चक्का खासा कुलिया में रहने वाला गुरमीत सिंह जैवलिन का राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी रह चुका है। गांव में मामूली बात पर मारपीट में गुरमीत पर केस दर्ज हुआ तो वह अपराध की दुनिया से जुड़ गया। बाद में वह लॉरेंस और जग्गू भगवानपुरिया के संपर्क में आकर हथियार सप्लाई का काम करने लगा।
सिद्धू मूसेवाला के परिजनों ने लगाया आरोप, पुलिस गैंगस्टरों का ले रही फर्जी रिमांड
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में हमें किसी सरकार पुलिस से इंसाफ मिलने की उम्मीद नही रही हैं। सरकार इस मामले में कार्रवाई के बजाय सिर्फ लीपापोती ही कर रही हैं। रविवार को गांव मूसा में सिद्धू मूसेवाला के प्रशंसकों को संबोधित करते हुए माता चरण कौर ने कहा कि पंजाब पुलिस गैंगस्टरों के फर्जी पुलिस रिमांड लेकर दिखावा करने में लगी हुई हैं, नहीं तो पुलिस रिमांड के बाद आदमी चलने लायक भी रहता लेकिन फिर भी सभी गैंगस्टर हंसते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानसा पुलिस की कस्टडी से गैंगस्टर का फरार होना और पुलिस अधिकारियों की ओर से गैंगस्टरों से जफ्फी डालकर फोटो खिंचवाना साबित करता है कि पुलिस की सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में इतनी बड़ी लापरवाही रही हैं।
उन्होंने कहा कि जिस अधिकारी बलतेज पन्नू ने सिद्धू की सुरक्षा के मामले को लीक किया। उस पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। सिद्धू को इंसाफ देने का पुलिस का इरादा होता तो बलतेज पन्नू पर भी मुकदमा दर्ज होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि आम आदमी की बात करने वाली सरकार के राज में ही आम आदमी की सुरक्षा गायब है। आम आदमी भी अब सुरक्षित नहीं रहा है।
उन्होंने कहा कि आप के 92 विधायकों में से किसी ने मूसेवाला कत्ल कांड को लेकर मुंह नहीं खोला हैं, क्योंकि उन्हें सरकारी कुर्सियां प्यारी हैं। लोगों के बेटे मरते हैं, इसका उन्हें कोई दुख नहीं है। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा कि अब सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का इंसाफ लेने के लिए उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ेगा क्योंकि चारों ओर से सभी उम्मीदें खत्म हो गई हैं।