लुधियाना: चिट्टे का इंजेक्शन लगा रहे तीन युवकों को ग्रमीणों ने पकड़ा, पुलिस चौकी का घेराव किया, आश्वासन के बाद धरना खत्म किया
थाना प्रभारी हरप्रीत सिंह ने ग्रामीणों को कानूनी प्रक्रिया का पाठ पढ़ाया और बताया कि अगर ऐसी बात है तो पुलिस कार्रवाई करने को तैयार है लेकिन इस मामले में आप सभी को नशा तस्करों के खिलाफ बयान दर्ज करवाने और गवाही देने के लिए अदालत तक आना पड़ेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जगरांव के गांव गालिब कलां में सरेराह चिट्टे का इंजेक्शन लगा रहे तीन युवकों को ग्रामीणों ने काबू कर गांव की पुलिस चौकी में पुलिस के हवाले कर दिया। साथ ही गांव में चिट्टे का धंधा करने वाले लोगों के घरों में भी पुलिस को साथ दबिश दी और चिट्टा बेचने वालों को काबू करवाया। तस्करों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर भड़के ग्रामीणों ने गुरुवार को तेज धूप में गांव की महिलाओं को साथ लेकर पुलिस चौकी का घेराव किया।
प्रदर्शन के दौरान गांव गालिब कलां की पंचायत, नौजवान सभा के अलावा भारी संख्या में गांव के लोगों ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद और चिट्टा बेचने वालों पर केस दर्ज करो के नारे लगाए। पुलिस कर्मचारियों पर संगीन आरोप लगाते हुए गांव की महिलाओं ने कहा कि गांव में चिट्टे का धंधा पुलिस की छत्रछाया में चल रहा है।
पुलिस कर्मचारी चिट्टे का व्यापार करने वालों से हफ्ता वसूली करते हैं। मामला बढ़ता देख थाना सदर जगरांव के प्रभारी एसआई हरप्रीत सिंह पुलिस पार्टी समेत पहुंचे तो ग्रमीणों ने उन पर भी भड़ास निकाली और नशा तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। भड़के गांववासियों ने पुलिस चौकी गांव गालिब कलां के सभी पुलिस कर्मचारियों को तुरंत लाइन हाजिर करने की मांग तक कर डाली। थाना सदर प्रभारी एसआई हरप्रीत सिंह ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि यह मामला उच्चाधिकारियों के ध्यान में लाया जाएगा।
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पाठ पढ़ाया तो हुए हैरान
पुलिस चौकी गांव गालिब कलां के बाहर प्रदर्शन करने वाले गांववासियों को समझाने के लिए जैसे ही थाना सदर जगरांव के प्रभारी हरप्रीत सिंह पहुंचे तो गांववासियों ने थाना प्रभारी को गांव में नशा तस्करी करने वाले 16 लोगों के नामों की सूची थमा दी और कहा कि पुलिस इन लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन ले।
थाना प्रभारी हरप्रीत सिंह ने ग्रामीणों को कानूनी प्रक्रिया का पाठ पढ़ाया और बताया कि अगर ऐसी बात है तो पुलिस कार्रवाई करने को तैयार है लेकिन इस मामले में आप सभी को नशा तस्करों के खिलाफ बयान दर्ज करवाने और गवाही देने के लिए अदालत तक आना पड़ेगा। यह सुनकर सभी हैरान रह गए और सभी ग्रामीणों ने विचार करने के बाद नशा बेचने वाले छह मुख्य नशा तस्करों के खिलाफ मौके पर ही मामला दर्ज करवाते हुए इनकी गिरफ्तारी के लिए सात दिनों का अल्टीमेटम दिया।
गांव के सरपंच सिकंदर सिंह, मनदीप सिंह बिट्टू, नंबरदार परमिंदर सिंह चाहल, गुरचरण सिंह निका, मोरा सिंह, गांव की नौजवान सभा के सदस्यों ने बताया कि अगर पुलिस प्रशासन ने छह नशा तस्करों की गिरफ्तारी न की तो संघर्ष को तेज करते हुए एक बार फिर से गांव गालिब कलां की पुलिस चौकी का घेराव किया जाएगा।